Sunday, September 18, 2011

अतिक्रमण हटाने का आग्रह

जायल के ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन देकर नाडियो पर अवैध अतिक्रमण हटाने का आग्रह किया है। शैतानराम, रेवन्तराम, मदनसिंह, रामदेव सहित ग्रामीणों ने संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन में बताया कि खसरा नम्बर १४२४ पर कुमार नाडी व केलार नाडी के किनारे कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा है जिससे पशुपालक नाडी में पशुओं को पानी पिलाने नहीं ले सकते है।

आओ देखो सीखो प्रतियोगिता आयोजित

ब्लॉक संदर्भ कार्यालय में ब्लॉकस्तरीय आओ देखो सीखो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ब्लॉक संदर्भ केन्द्र प्रभारी प्रेमचन्द काकड़ा ने कहा कि प्रतियोगिता प्रतिभाओं का तराशने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सहशैक्षिक गतिविधियों से ही बच्चों में सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास किया जा सकता है। सर्व शिक्षा अभियान के कनिष्ठ अभियन्ता रामकिशोर चौधरी ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ समय-समय पर रचनात्मक व सृजनात्मक गतिविधियों का आयोजन जरूरी है। प्रतियोगिता सचिव हेमाराम मेघवाल ने बताया कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता वरिष्ठ स्तर पर छावटाखुर्द की संगीता व कनिष्ठ वर्ग में बुली छाबा, शीघ्र गणना प्रतियोगिता में बोसेरी की सुमित्रा व छावटाखुर्द की बाया, सुन्दर लेखन में बोसेरी की सुमन व तरनाऊ की कैलाशी, श्रूतिलेख में फरड़ोद की सना बानो व ज्योति सेन, अन्त्याक्षरी में सुवादिया की पूजा जाखड़ व फरड़ोद की ज्योति सैन विजेता रही।

निगम की लापरवाही पर जनता में आक्रोश


विद्युत निगम की लापरवाही को लेकर ग्राम पंचायत आकोड़ा के वाशिंदों ने सहायक अभियन्ता कार्यालय पहुंचकर रोष प्रकट किया। भारतीय किसान संघ के जिला संगठन मंत्री लक्ष्मीनारायण बिश्रोई व सरपंच दुर्गेश चौधरी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत आकोड़ा के ग्रामीणों ने उपखण्ड अधिकारी भागीरथंसिंह मीणा को ज्ञापन में बताया कि मीटर रीडर मनमर्जी से विद्युत खप्त दर्शा कर विद्युत बिल जारी कर देते है। विद्युत बिल जमा होने के बावजूद कई उपभोक्ताओं के वर्षों पुराना बकाया निकालने, ऐवरेज विद्युत बिल, मीटर खराब दर्शा कर घरेलू उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के कार्मिको पर अपनी लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं पर लागू करने की परम्परा का विरोध करते हुए विद्युत बिलों में सुधार नहीं करने पर मजबूरन आन्दोलनात्मक कदम उठाने की बात कही गई है। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी ने मौके पर सहायक अभियन्ता को बुलाकर ग्रामीणों के साथ वार्ता शुरू की गई। प्रतिनिधिमण्डल के साथ वार्ता में विद्युत निगम के सहायक अभियन्ता ने १९ सितम्बर तक खराब मीटर बदल देने, ऑडिट ऑब्जेक्शन संबधी बिलों का भुगतान स्थगित करने, खराब मीटर का भुगतान पूर्व की वास्तविक मीटर रिडिंग के आधार पर करने संबधी निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने मांगों का क्रियान्वयन नहीं होने पर २० सितम्बर से आन्दोलन की चेतावनी दी गई।

Sunday, September 4, 2011

एक शाम गणपति बप्पा मोरया के नाम ...



पुराने बस स्टेण्ड पर नेहरू युवा मण्डल के तत्वाधान में आयोजित एक शाम गणपति बप्पा के नाम कवि सम्मेलन में हास्य, वीर व ओज रस की कविता पेशकर कवियों ने श्रोताओं का खूब मनोरंजन किया। वीर रस के कवि योगेन्द्र शर्मा फिर से कभी गुलाम होने जाए देश, ४ जून को योग गुरू बाबा रामदेव के समर्थकों पर पुलिस की बर्बर कारवाई, ओज रस से ओतप्रोत सतामद में जुटे हुए गदारों पछताओगे, जनता से टकराओगे तो, भ्रष्ट सिंहासन डोलेगा जैसी कविता पेश कर भ्रष्टतंत्र, भ्रष्टाचार व कथित स्वार्थों के चलते देशहित के साथ कुठाराघात करने की परम्परा पर कटाक्ष किया। हास्य कवि कमल माहेश्वरी ने खुंखार पत्नि कविता सुनाकर श्रोताओं को हंसाकर लोटपोट कर दिया। व्यंग्य कवि डॉ. केसरदेव प्रजापत ने घर-घर में घुसगी राजनीति कविता सुनाकर राजनीति के चलते दुषित वातावरण संबधी जानकारी दी। हास्य कवि हरीश व नटवर बजाज सहित हास्य, ओज व वीर रस के कवियों ने अपनी रचना सुनाकर रात एक बजे तक श्रोताओं का मनोरंजन किया। इस दौरान सरपंच मनीराम बासट व थानाधिकारी भगवानसिंह सहित अनेक नागरिक उपस्थित हुए।

प्रशिक्षण शिविर 5 सितम्बर से

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र १०८ के बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर ५ सितम्बर से आयोजित किया जाएगा। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी भागीरथसिंह मीणा ने बताया कि ५ सितम्बर को भू अभिलेख निरीक्षक वृत जायल क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार ६ को तरनाऊ वृत का राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तरनाऊ, ८ को रोल वृत का राजकीय प्राथमिक विद्यालय रोल, १२ को सुरपालिया वृत का राजकीय माध्यमिक विद्यालय सुरपालिया, १३ को डेह वृत का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डेह में एवं १७ सितम्बर को जोधियासी वृत का प्रशिक्षण शिविर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोधियासी में आयोजित किया जाएगा।

मदरसा मदीना तुल उल्लूम रजवीया का उद्घाटन आज

ग्राम बड़ीखाटू के हसबरनगर स्थित मदरसा मदीना तुल उल्लूम रजवीया का उद्घाटन रविवार सांय ५ बजे समारोहपूर्वक किया जाएगा। अजूंमन गरीब नवाज के अध्यक्ष हाजी अब्दुला खाना शेरानी ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि श्रीमती मंजूदेवी मेघवाल रहेगी। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधान रामकरण लोमरोड़ करेंगे। समारोह में सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष तिलोकराम रोज, बड़ीखाटू सरपंच धनराज पाराशर, शेरानी आबाद सरपंच जतुन बानो, बरनेल सरपंच श्रीमती चुकलीदेवी, छोटीखाटू सरपंच कल्याणसिंह, मौलाना मोहम्मद हनीफ व मोहम्मद युनुस विशिष्ठ अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

दो दिवसीय वाकपीठ संगोष्ठी संपन्न

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय उच्च प्राथमिक विद्यालयस्तरीय प्रधानाध्यापक वाकपीठ संगोष्ठि का शनिवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सरपंच मनीराम बासट ने शिक्षक को राष्ट्र का कर्णधार बताते हुए कहा कि शिक्षा व संस्कार निर्माण के माध्यम से बच्चों को योग्य नागरिक बनाने का कार्य शिक्षक करते है। उन्होंने शिक्षक का समाज में महत्वपूर्ण स्थान बताते हुए शिक्षा व शिक्षण संस्थानों में आई नैतिक व चारित्रिक गिरावट को मिटाने का आग्रह किया। संगोष्ठि अध्यक्ष रामचन्द्र गोदारा ने कहा कि शिक्षक से समाज काफी अपेक्षा रखता है। बच्चों को उन्नत शिक्षा व संस्कार निर्माण के साथ व्यवहारिक शिक्षा देकर समाज की अपेक्षा पर खरा उतरना होगा। सर्व शिक्षा अभियान के कनिष्ठ अभियन्ता रामकिशोर खोखर ने सर्व शिक्षा अभियान की गतिविधियों संबधी जानकारी दी। संगोष्ठि संयोजक मानसिंह शेखावत ने शिक्षकों के कर्तव्य व अधिकार संबधी जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न वार्ताकारों ने विषयवार वार्ता प्रस्तुत की गई। संगोष्ठि संयोजक नाथूराम ईनाणियां ने आभार प्रकट किया। इससे पूर्व विधायक श्रीमती मंजूदेवी मेघवाल व जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक शिक्षा सुरेन्द्रसिंह ने शुभारम्भ समारोह के दौरान शिक्षा विभाग की भीति पत्रिका का विमोचन किया।

Saturday, September 3, 2011

विधाता के आगे बेबस हैं उगमाकंवर!

मानसिक विमंदित बच्चों के लिए हाथ फैलाने को मजबूर मां के छलक पड़ते हैं आसूं। मां पर भी विपदाओं का पहाड़ टूट पड़ा। छह वर्ष पूर्व पति की मौत के बाद टूट गई। लेकिन अपने जिगर के टुकड़ों को संभालने, उनका पेट भरने की चिंता अब सताए जा रही है। चार में से तीन बच्चे मानसिक विमंदित हैं। ग्राम तंवरा के सार्वजनिक बस स्टैंड पर विधवा उगमाकंवर बेसहाय खड़ी अपने मानसिक विमंदित बज्जों को निहारती हुए लोगों से मदद की आस करती रहती हैं। छह वर्ष पूर्व पति गिरधारीसिंह की असामयिक मौत के बाद मानों इन पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की मौत के साथ ही चार अबोध बालकों के लालन-पालन की जिम्मेदारी इसी पर आ पड़ी।

कुदरत की लीला के चलते चार में से तीन बच्चे मानसिक विक्षिप्त है। इनमें से भी एक बच्चे की गुरूवार सुबह ही मौत हो गई। ग्राम तंवरा निवासी 45 वर्षीय उगमाकंवर का पति गिरधारीसिंह आजीविका चलाने के लिए बाहर लोहे की फैक्ट्रियों में कमाई कर रहा था कि 6 वर्ष पूर्व किसी बीमारी से असामयिक मृत्यु हो गई। गिरधारीसिंह आजीविका चलाने के लिए मुम्बई के बाद कई वषोंü तक दक्षिण अफ्रीका में कार्य किया। लगभग 6 वर्ष पूर्व घर आकर इन्होंने मकान निर्माण शुरू करवाया लेकिन 6 माह बाद ही बीमारी के चलते असामयिक मृत्यु हो गई। लेकिन बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय बेटे विजयसिंह (पिन्टू) को इलाज नहीं मिलने से मौत हो गई। इससे मां पर दु:खों का पहाड़ टूट गया।


ये हैं संतान

चारों संतानों में 16 वर्षीय शैतानसिंह, 13 वर्षीय कानसिंह मानसिक विमंदित हैं। सबसे छोटे बेटे दिलीपसिंह की मानसिक स्थिति कुछ ठीक है। पति की मृत्यु के बाद कुछ दिन तक इन्होंने जैसे तैसे आजीविका चलाकर बज्जों का भरण पोषण किया लेकिन अब बीमार व मानसिक विक्षिप्त बज्जों के इलाज के अभाव में दु:खों को झेलते हुए अब यही विक्षिप्त हो गई।

जैसे-तैसे भर रहे हैं पेट


उगमाकंवर के बड़ा पुत्र पोलियोग्रसित है। एक बेटा मानसिक विमंदित हैं। सबसे छोटा बच्चा कुछ ठीक है। दोनों बड़े बेटे चाचा के घर पर रहकर अपना पेट भर लेते हैं। उगमाकंवर अपने बच्चों के साथ घर पर ही रह रही है। मानसिक हालात ठीक नहीं होने के कारण वो कभी पड़ोसियों से तो कभी ग्रामीणों के घर से पेट भर लेती है।

नहीं मिली सरकारी सहायता

चयनित परिवार में होने के बावजूद आज तक इन्हें किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है। चयनित परिवार में होने के बावजूद नि:शुल्क दवा वितरण कार्ड, पालनहार योजना, विधवा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है।

गणेश प्रतिमा की स्थापना


गणेश चतुर्थी पर गुरूवार को समारोहपूर्वक गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। पुराना बस स्टेण्ड पर नेहरू युवा मण्डल के तत्वाधान में विधिवत गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ गणेश महोत्सव शुरू हुआ। पंडित मिश्रीलाल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा करवाकर गणेश मूर्ति की स्थापना की गई। इससे पूर्व घमटिया हनुमान मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ प्रतिमाा आयोजन स्थल तक लाई गई। सैंकड़ो श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगाते हुए कलश यात्रा में शामिल हुए। कस्बे के प्रमुख मार्गो से कलश यात्रा निकाली गई। इसी प्रकार गणेश सेवा समिति के तत्वाधान में सदर बाजार स्थित शिवालय में विधिवत गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। पंचायत समिति स्थित शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमा आयोजनस्थल पर लाई गई। ग्राम तरनाऊ में श्री गणेश महोत्सव समिति के तत्वाधान में गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर सदर बाजार में प्रतिमा स्थापित की गई। ग्राम खिंयाला व कठौती में गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर दिनभर धार्मिक कार्यक्रम की गूंज सुनाई दी।

Sunday, August 28, 2011

राज्य राजस्थान का एक प्रमुख शहर नागौर

नागौर भारत के राज्य राजस्थान का एक प्रमुख शहर एवं लोकसभा क्षेत्र है। यह नागौर जिला मुख्यालय है। नागौर राजस्थान का एक छोटा सा शहर है। ऐतिहासिक रूप से भी यह जगह काफी महत्वपूर्ण है। नागौर बलबन की जागीर थी जिसे शेरशाह सूरी ने 1542 में छीन लिया था। इसके अलावा महान मुगल सम्राट अकबर ने यहां मस्जिद का निर्माण करवाया था। इस मस्जिद में मोइनुद्दीन चिश्ती के शिष्य की मजार है। नागौर विशेष रूप में प्रत्येक वर्ष लगने वाले पशु मेले के लिए भी काफी प्रसिद्ध है। इस मेले में हर साल काफी संख्या में पर्यटक आते हैं। इसके अतिरिक्त यहां कई महत्वपूर्ण मंदिर और स्मारक भी है।


प्रमुख आकर्षण

Khivsar किला

यह किला नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 65 से 42 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह किला लगभग 500 वर्ष पुराना है। यह किला थार मरूस्थल के मध्य में स्थित है। इस किले का निर्माण ठाकुर करम सिंह जी ने सोलहवीं शताब्दी में करवाया था। खिमसर किला नागौर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में से एक है। लेकिन कुछ समय बाद इस किले को हैरिटेज होटल में तब्‍दील कर दिया गया। इस होटल में सभी आधुनिक सुविधाएं पर्यटकों को प्रदान की जाती है। माना जाता है कि मुगल सम्राट औरंगजेब कभी-कभार इस जगह पर रहने के लिए आते थे।

कुचामन किला

यह किला राजस्थान के सबसे पुराने किलों में से है। यह किला पर्वत के सबसे ऊपरी हिस्से पर स्थित है। इस किले को अब होटल में तब् दील कर दिया गया है जिस कारण अधिक संख्या में पर्यटक यहां आना पसंद करते हैं।

kurki

कुर्की नागौर जिले का एक छोटा सा गांव है। यह स्थान मीरा बाई के जन्म स्थान के रूप में भी जाना जाता है।

अचित्रागढ़ किला

इस किले का निर्माण चौथी शताब्दी में हुआ था। इस किले में तीन दरवाजे हैं। पहले दरवाजे को सिरहे , दूसरा को बीच का पोल और तीसर को कचेहरी पोल कहा जाता है। इस किले में कुछ प्रमुख महल जैसे- हादी रानी महल, दीपक महल, भक्त सिंह महल, अमर सिंह महल, अकबरी महल और रानी महल के अलावा दो मंदिर कृष्णा मंदिर एवं गणेश मंदिर तथा शाह जहानी का स्मारक भी है

हमीद्दीउदीन नागौरी मकबरा

यह काफी प्रसिद्व मकबरा है। इस जगह पर काजी हमीद्दीउदीन नागौरी का स्मारक है। यह एक सूफी संत थे। यह जगह पश्चिमी राजस्थान के सबसे बेहतरीन स्मारकों में से एक है। इस मकबर में जाने के लिए जो रास्ता है वह काफी खूबसूरत है। संत हमीद्दीउदीन नागौरी बगदाद से राजपूताना आए थे। इस परिसर के भीतर मस्जिद भी है। उर्स का त्यौहार भी यहीं मनाया जाता है। उर्स के अवसर पर इस दरगाह में देश भर से काफी संख्या में भक्तगण यहां आते हैं।

जैन मंदिर

इस मंदिर की बनावट काफी भव्य है। इस मंदिर में की गई चित्रकारी भगवान महावीर और पार्श्‍वनाथ के जीवन से जुड़ी हुई है।

नागौर पशु मेला

यह मेला जनवरी-फरवरी माह में लगता है। इस मेले का आयोजन काफी बड़े स्तर पर किया जाता है। यह काफी अच्छा अवसर होता है जब पूरे राज्य से लोग यहां अपने पशु बेचने व खरीदने के लिए एकत्रित होते हें। इसके अलावा मेले में रस्सा-कशी, ऊंटों की दौड़ और सांड की लड़ाई का आनन्द भी उठाया जा सकता है।

बड़ी khatu की जामा मस्जिद

प्रथम वर्ग के स्मारकों में दिल्ली से बाहर केवल २ स्मारक है । पहला अजमेर में अढाई दिन का झोंपड़ा, तथा दूसरा नागौर में बड़ी khatu की जामा मस्जिद है।

वीर तेजाजी ki जन्म स्थली खरनाल

खरनाल नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 65 से १६किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहा मेला भादवा माह में लगता है। इस मेले का आयोजन काफी बड़े स्तर पर किया जाता है।

आवागमन

हवाई अड्डा

सबसे नजदीकी हवाई अड्डा जोधपुर विमानक्षेत्र है। यह जगह नागौर से 135 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। दिल्ली, मुम्बई, उदयपुर और जयपुर से जोधपुर के लिए हवाई यात्रा की जा सकती है।

रेल मार्ग

सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन नागौर में है। यह जगह दिल्ली, मुम्बई, जयपुर्, चैन्नई, गुव्हाती और कलकत्ता से रेल मार्ग द्वारा जुड़ा हुआ है।

सड़क मार्ग

नागौर के लिए सीधी बस-सेवा है। दिल्ली, अहमदाबाद, अजमेर, आगरा, जयपुर, जैसलमैर और उदयपुर से बस-सेवा की सुविधा उपलब्ध है।