Saturday, October 6, 2012

स्वार्थी लोगों के चलते शिक्षण व्यवस्था में आई गिरावट

जायल. शेखावाटी शिवशक्ति सीनियर सैकण्डरी स्कूल में आयोजित राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील के दो दिवसीय जिलास्तरीय शैक्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजूदेवी मेघवाल ने कहा कि समाज में शिक्षक का पद सदैव गौरवमयी रहा है। कुम्भकार की भांति बच्चों में सुसंस्कार व सुशिक्षा प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार शिक्षक समुदाय को अपने अधिकारों के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज में वर्षों से बनी गुरू की धारणा को बनाए रखना होगा। राज्य मंत्री मेघवाल ने कहा कि सरकार शिक्षा का अधिकार अधिनियम प्रदान कर शिक्षण संस्थानों में भौतिक सुविधाओं के साथ रिक्त पदों की पूर्ति व नि:शुल्क व्यवस्था प्रदान कर रही है। शिक्षकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कृषि मण्डी उपाध्यक्ष रामकरण लोमरोड़ ने शिक्षक समुदाय के बीच ही कुछ स्वार्थी लोगों के चलते शिक्षण व्यवस्था में आई गिरावट की चिंता करते हुए शिक्षकों से अपनी समस्याओं के साथ शिक्षण व्यवस्था पर ध्यान देकर बच्चों के भविष्य का ध्यान रखने का आग्रह किया। सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष तिलोकराम रोज, ब्लॉक प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी सालिगराम स्वामी, कृषि मण्डी सदस्य मोहनलाल बिश्रोई, पंचायत समिति सदय जसाराम फरड़ोदा, संघ के जिलाध्यक्ष पुरखाराम चौधरी, जिला मंत्री भंवरलाल रलिया, उपशाखा अध्यक्ष भंवरलाल लोमरोड़, मंत्री सत्यनारायण कच्छावा, संस्था सचिव श्रवण बांगड़ा, निदेशक अभिषेक बटेसर, भंवरलाल बांगड़ा सहित जिलेभर से आए पदाधिकारियों ने शिक्षण व्यवस्था व शिक्षकों की समस्याओं संबधी चर्चा की गई। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों ने शिक्षक को राष्ट्र का कर्णधार बताकर शिक्षण व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया वहीं संगठन पदाधिकारी अपनी मांग व समस्याओं पर जोर देते नजर आए। जिलाध्यक्ष व जिला मंत्री ने राज्य सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए 12 अक्टूबर से सत्याग्रह का आह्वान किया। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की बालिकाओं ने स्वागत गायन व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। 

Friday, July 13, 2012

औरतों के खिलाफ पंचायत का फरमान, देश भर में उठा तूफान

उत्तर प्रदेश में एक खाप पंचायत के तुगलकी फरमान पर महिला राजनेताओं, कार्यकर्ताओं ने कड़े गुस्से का इजहार किया है। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि इन पंचायतों का कोई कानूनी वजूद नहीं है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से अपील की कि वह लोगों को ऐसी पंचायतों के फरमानों को खारिज करने के लिए प्रेरित करे। 
खाप पंचायत के निर्णय पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "खाप पंचायतों के पास कोई संवैधानिक अधिकार नहीं है। इसलिए उन्हें ऐसे कानून बनाने का कोई अधिकार नहीं है। हम 21वीं सदी में जी रहे हैं। इस तरह की घटनाएं विडम्बनापूर्ण हैं। सरकार को कुछ कदम उठाने चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि वे इन पंचायतों की बात न मानें।"
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में गुरुवार को खाप पंचायत ने कई तुगलकी फरमान जारी किए, जिनमें महिलाओं को घर से बाहर निकलते वक्त सिर पर पल्लू रखने के लिए भी कहा गया है।
पंचायत के फरमान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता निर्मला सीतारमन ने कहा, "इस तरह का फरमान कि महिलाएं सिर ढंककर बाहर निकलें और वे मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकतीं, गलत हैं। सरकार को ऐसी चीजों को होने से रोकना चाहिए और तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।"
वहीं, मार्क्सeवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात ने कहा, "इन पंचायतों का अस्तित्व गैर-कानूनी है। ये स्वयंभू संस्थाएं हैं, जिन्हें कानून बनाने से कोई लेना-देना नहीं है। उनके द्वारा जारी सभी फरमान तथा फतवे गैर-कानूनी हैं।"
महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और सांसद गिरिजा व्यास ने कहा, "इन पंचायतों का कोई कानूनी अस्तित्व नहीं है और इसलिए वे जो कह रहे हैं, उससे सहमत होने का सवाल ही पैदा नहीं होता। सरकार को आगे आना चाहिए तथा लोगों को बताना चाहिए कि इस देश का संविधान है और ऐसी पंचायतों का इसमें कोई कानूनी अस्तित्व नहीं है।"

Wednesday, July 11, 2012

बाबा का क्या कहना



योग गुरु बाबा रामदेव बुधवार को रांची में थे। यहां एक कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने खाना भी खाया। खाने और फलों से सजी बाबा की थाली रांची में चर्चा का विषय बन गई। जब उनकी थाली की तस्वीर सोशल साइटों पर आई तो लोगों ने इसे खूब शेयर किया। ये अलग बात है कि बाबा रामदेव सार्वजनिक मंच से हमेशा ये कहते रहे हैं कि वे सादे जीवन में यकीन रखते हैं।

(टेट) मिलेगी उत्तरपुस्तिका की कार्बन कॉपी


अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) कराने के बाद उत्तर कुंजी को लेकर विवादों से घिरे राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस बार अभ्यर्थियों को टेट की उत्तरपुस्तिकाएं मुहैया कराने का निर्णय लिया है। बोर्ड द्वारा ओएमआर की एक प्रति परीक्षार्थी को उसी समय दी जाएगी। परीक्षा में ओएमआर की दो कॉपियां होंगी, जिनमें से एक कॉर्बन कॉपी को अभ्यर्थी ले जा सकेंगे।

36 सेकंड का होगा एक सवाल:

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थी को एक सवाल हल करने के लिए महज 36 सेकेंड मिलेंगे। परीक्षा के तहत दोनों स्तरों में 150 अंकों के 150 सवाल पूछे जाएंगे। गत वर्ष हुई परीक्षा में भी प्रश्नों की संख्या ज्यादा और हल करने के लिए समय कम मिलने के कारण कई अभ्यर्थियों के सवाल छूट गए थे।

Monday, July 9, 2012


भारत का भूगोल


अधिक वर्षा वाले क्षेत्र- यहाँ वार्षिक वर्षा की मात्रा 200 सेमी. से अधिक होता है। क्षेत्र- असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, कोंकण, मालाबार तट, दक्षिण कनारा, मणिपुर एवं मेघालय।
साधारण वर्षा वाले क्षेत्र- इस क्षेत्र में वार्षिक वर्षा की मात्रा 100 से 200 सेमी. तक होती है। क्षेत्र- पश्चिमी घाट का पूर्वोत्तर ढाल,  पं. बँगाल का दक्षिणी- पश्चिमी क्षेत्र, उड़ीसा, बिहार, दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश इत्यादि।
न्यून वर्षा वाले क्षेत्र- यहाँ 50 से 100 सेमी. वार्षिक वर्षा होती है। क्षेत्र- मध्य प्रदेश, दक्षिण का पठारी भाग, गुजरात, कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, दक्षिणी पँजाब, हरियाणा तथा दक्षिणी उत्तर प्रदेश। 
अपर्याप्त वर्षा वाले क्षेत्र- यहाँ वर्षा 50 सेमी. से भी कम होती है। क्षेत्र- कच्छ, पश्चिमी राजस्थान, लद्दाख आदि। 
भूगर्भिक इतिहास
भारत की भूगर्भीय संरचना को कल्पों के आधार पर विभाजित किया गया है। प्रीकैम्ब्रियन कल्प के दौरान बनी कुडप्पा और विंध्य प्रणालियां पूर्वी व दक्षिणी राज्यों में फैली हुई हैं। इस कल्प के एक छोटे काल के दौरान पश्चिमी और मध्य भारत की भी भूगर्भिक संरचना तय हुई। पेलियोजोइक कल्प के कैम्ब्रियन, ऑर्डोविसियन, सिलुरियन और डेवोनियन शकों के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में कश्मीर और हिमाचल प्रदेश का निर्माण हुआ। मेसोजोइक दक्कन ट्रैप की संरचनाओं को उत्तरी दक्कन के अधिकांश हिस्से में देखा जा सकता है। ऐसा माना जाता है कि इस क्षेत्र का निर्माण ज्वालामुखीय विस्फोटों की वजह से हुआ। कार्बोनिफेरस प्रणाली, पर्मियन प्रणाली और ट्रियाजिक प्रणाली को पश्चिमी हिमालय में देखा जा सकता है। जुरासिक शक के दौरान हुए निर्माण को पश्चिमी हिमालय और राजस्थान में देखा जा सकता है।
टर्शियरी युग के दौरान मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और हिमालियन पट्टिका में काफी नई संरचनाएं बनी। क्रेटेशियस प्रणाली को हम मध्य भारत की विंध्य पर्वत श्रृंखला व गंगा दोआब में देख सकते हैं। गोंडवाना प्रणाली को हम नर्मदा नदी के विंध्य व सतपुरा क्षेत्रों में देख सकते हैं। इयोसीन प्रणाली को हम पश्चिमी हिमालय और असम में देख सकते हैं। ओलिगोसीन संरचनाओं को हम कच्छ और असम में देख सकते हैं। इस कल्प के दौरान प्लीस्टोसीन प्रणाली का निर्माण ज्वालमुखियों के द्वारा हुआ। हिमालय पर्वत श्रृंखला का निर्माण इंडो-ऑस्ट्रेलियन और यूरेशियाई प्लेटों के प्रसार व संकुचन से हुआ है। इन प्लेटों में लगातार प्रसार की वजह से हिमालय की ऊँचाई प्रतिवर्ष 1 सेमी. बढ़ रही है।
भारतीय प्लेट: भारत पूरी तरह से भारतीय प्लेट पर स्थित है। यह एक प्रमुख टेक्टोनिक प्लेट है जिसका निर्माण प्राचीन महाद्वीप गोंडवानालैंड के टूटने से हुआ है। लगभग 9 करोड़ वर्ष पूर्व उत्तर क्रेटेशियस शक के दौरान भारतीय प्लेट ने उत्तर की ओर लगभग 15 सेमी प्रति वर्ष की दर से गति करना आरंभ कर दिया। सेनोजोइक कल्प के इयोसीन शक के दौरान लगभग 5 से 5.5 करोड़ वर्ष पूर्व यह प्लेट एशिया से टकराई। 2007 में जर्मन भूगर्भशास्त्रियों ने बताया कि भारतीय प्लेट के इतने तेजी से गति करने का सबसे प्रमुख कारण इसका अन्य प्लेटों की अपेक्षा काफी पतला होना था। हाल के वर्र्षों में भारतीय प्लेट की गति लगभग 5 सेमी. प्रतिवर्ष है। इसकी तुलना में यूरेशियाई प्लेट की गति मात्र 2 सेमी प्रतिवर्ष ही है। इसी वजह से भारत को च्फास्टेस्ट कांटीनेंटज् की संज्ञा दी गई है।

जल राशि
भारत में लगभग 14,500 किमी. आंतरिक नौपरिवहन योग्य जलमार्ग हैं। देश में कुल 12 नदियां ऐसी हैं जिन्हें बड़ी नदियों की श्रेणी में रखा जा सकता है। इन नदियों का कुल अपवाह क्षेत्रफल 2,528,000 वर्ग किमी. है। भारत की सभी प्रमुख नदियां निम्नलिखित तीन क्षेत्रों से निकलती हैं-
1. हिमालय या काराकोरम श्रृंखला
2. मध्य भारत की विंध्य और सतपुरा श्रृंखला
3. पश्चिमी भारत में साह्यïद्री अथवा पश्चिमी घाट
हिमालय से निकलने वाली नदियों को यहां के ग्लेशियरों से जल प्राप्त होता है। इनकी खास बात यह है कि पूरे वर्ष इन नदियों में जल रहता है। अन्य दो नदी प्रणालियां पूरी तरह से मानसून पर ही निर्भर हैं और गर्मी के दौरान छोटी नदियां मात्र बन कर रह जाती हैं। हिमालय से पाकिस्तान बह कर जाने वाली नदियों में सिंधु, ब्यास, चिनाब, राबी, सतलुज और झेलम शामिल हैं।
गंगा-ब्रह्म्ïापुत्र प्रणाली का जल अपवाह क्षेत्र सबसे ज्यादा 1,100,000 वर्ग किमी. है। गंगा का उद्गम स्थल उत्तरांचल के गंगोत्री ग्लेशियर से है। यह दक्षिण-पूर्व दिशा में बहते हुए बंगाल की खाड़ी में जाकर गिरती है। ब्रह्म्ïापुत्र नदी का उद्गम स्थल तिब्बत में है और अरुणाचल प्रदेश में यह भारत में प्रवेश करती है। यह पश्चिम की ओर बढ़ते हुए बांग्लादेश में गंगा से मिल जाती है।
पश्चिमी घाट दक्कन की सभी नदियों का स्रोत है। इसमें महानदी, गोदावरी, कृष्णा और कावेरी नदियां शामिल हैं। ये सभी नदियां बंगाल की खाड़ी में गिरती हैं। भारत की कुल 20 फीसदी जल अपवाह इन नदियों के द्वारा ही होता है।
भारत की मुख्य खाडिय़ों में कांबे की खाड़ी, कच्छ की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी शामिल हैं। जल संधियों में पाल्क जलसंधि है जो भारत और श्रीलंका को अलग करती है, टेन डिग्री चैनल अंडमान को निकोबार द्वीपसमूह से अलग करता है और ऐट डिग्री चैनल लक्षद्वीप और अमिनदीवी द्वीपसमूह को मिनीकॉय द्वीप से अलग करता है। महत्वपूर्ण अंतरीपों में भारत की मुख्यभूमि के धुर दक्षिण भाग में स्थित कन्याकुमारी, इंदिरा प्वाइंट (भारत का धुर दक्षिण हिस्सा), रामा ब्रिज और प्वाइंट कालीमेरे शामिल हैं। अरब सागर भारत के पश्चिमी किनारे पर पड़ता है, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर भारत के क्रमश: पूर्वी और दक्षिणी भाग में स्थित हैं। छोटे सागरों में लक्षद्वीप सागर और निकोबार सागर शामिल हैं। भारत में चार प्रवाल भित्ति क्षेत्र हैं। ये चार क्षेत्र अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, मन्नार की खाड़ी, लक्षद्वीप और कच्छ की खाड़ी में स्थित हैं। महत्वपूर्ण झीलों में चिल्क झील (उड़ीसा में स्थित भारत की सबसे बड़ी साल्टवाटर झील), आंध्र प्रदेश की कोल्लेरू झील, मणिपुर की लोकतक झील, कश्मीर की डल झील, राजस्थान की सांभर झील और केरल की सस्थामकोट्टा झील शामिल हैं।

प्राकृतिक संसाधन
भारत के कुल अनुमानित पुनर्नवीनीकृत जल संसाधन 1,907.8 किमी.घन प्रति वर्ष हैं। भारत में प्रतिवर्ष 350 अरब घन मी. प्रयोग योग्य भूमि जल की उपलब्धता है। कुल 35 फीसदी भूमिजल संसाधनों का ही उपयोग किया जा रहा है। देश की प्रमुख नदियों व जल मार्र्गों से प्रतिवर्ष 4.4 करोड़ टन माल ढोया जाता है। भारत की 56 फीसदी भूमि खेती योग्य है और कृषि के लिए प्रयोग की जाती है।
एक मोटे अनुमान के अनुसार भारत में 5.4 अरब बैरल कच्चे तेल के भंडार हैं। इनमें से अधिकांश बांबे हाई, अपर असम, कांबे, कृष्णा-गोदावरी और कावेरी बेसिन में स्थित हैं। आंध्र प्रदेश, गुजरात और उड़ीसा में लगभग 17 खरब घन फीट प्राकृतिक गैस के भंडार हैं। आंध्र प्रदेश में यूरेनियम के भंडार हैं।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा माइका उत्पादक देश है। बैराइट व क्रोमाइट उत्पादन के मामले में भारत का दूसरा स्थान है। कोयले के उत्पादन के मामले में भारत का दुनिया में तीसरा स्थान है, वहीं लौह अयस्क के उत्पादन के मामले में भारत का चौथा स्थान है। यह बॉक्साइट और कच्चे स्टील के उत्पादन के मामले में छठवें स्थान पर है और मैंगनीज अयस्क उत्पादन के मामले में सातवें स्थान पर है। अल्म्युनियम उत्पादन के मामले में इसका आठवां स्थान है। भारत में टाइटेनियम, हीरे और लाइमस्टोन के भी भंडार प्रचुर मात्रा में हैं। भारत में दुनिया के 24 फीसदी थोरियम भंडार मौजूद हैं।

नमभूमि
नमभूमि वह क्षेत्र है जो शुष्क और जलीय इलाके से लेकर कटिबंधीय मानसूनी इलाके में फैली होती है और यह वह क्षेत्र होता है जहां उथले पानी की सतह से भूमि ढकी रहती है। ये क्षेत्र बाढ़ नियंत्रण में प्रभावी हैं और तलछट कम करते हैं। भारत में ये कश्मीर से लेकर प्रायद्वीपीय भारत तक फैले हैं। अधिकांश नमभूमि प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर नदियों के संजाल से जुड़ी हुई हैं। भारत सरकार ने देश में संरक्षण के लिए कुल 71 नमभूमियों का चुनाव किया है। ये राष्ट्रीय पार्र्कों व विहारों के हिस्से हैं। कच्छ वन समूचे भारतीय समुद्री तट पर परिरक्षित मुहानों, ज्वारीय खाडिय़ों, पश्च जल क्षार दलदलों और दलदली मैदानों में पाई जाती हैं। देश में कच्छ क्षेत्रों का कुल क्षेत्रफल 4461 वर्ग किमी. है जो विश्व के कुल का 7 फीसदी है। भारत में  मुख्य रूप से कच्छ वन अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, सुंदरबन डेल्टा, कच्छ की खाड़ी और महानदी, गोदावरी और कृष्णा नदियों के डेल्टा पर स्थित हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के कुछ क्षेत्रों में भी कच्छ वन स्थित हैं।
सुंदरबन डेल्टा दुनिया का सबसे बड़ा कच्छ वन है। यह गंगा के मुहाने पर स्थित है और पं. बंगाल और बांग्लादेश में फैला हुआ है। यहां के रॉयल बंगाल टाइगर प्रसिद्ध हैं। इसके अतिरिक्त यहां विशिष्ट प्राणि जात पाये जाते हैं।

भारत की प्रमुख जनजातियां
भारत में जनजातीय समुदाय के लोगों की काफी बड़ी संख्या है और देश में 50 से भी अधिक प्रमुख जनजातीय समुदाय हैं। देश में रहने वाले जनजातीय समुदाय के लोग नेग्रीटो, ऑस्ट्रेलॉयड और मंगोलॉयड प्रजातियों से सम्बद्ध हैं। देश की प्रमुख जनजातियां निम्नलिखित हैं-
आंध्र प्रदेश: चेन्चू, कोचा, गुड़ावा, जटापा, कोंडा डोरस, कोंडा कपूर, कोंडा रेड्डी, खोंड, सुगेलिस, लम्बाडिस, येलडिस, येरुकुलास, भील, गोंड, कोलम, प्रधान, बाल्मिक।
असम व नगालैंड: बोडो, डिमसा गारो, खासी, कुकी, मिजो, मिकिर, नगा, अबोर, डाफला, मिशमिस, अपतनिस, सिंधो, अंगामी।
झारखण्ड: संथाल, असुर, बैगा, बन्जारा, बिरहोर, गोंड, हो, खरिया, खोंड, मुंडा, कोरवा, भूमिज, मल पहाडिय़ा, सोरिया पहाडिय़ा, बिझिया, चेरू लोहरा, उरांव, खरवार, कोल, भील।
महाराष्ट्र: भील, गोंड, अगरिया, असुरा, भारिया, कोया, वर्ली, कोली, डुका बैगा, गडावास, कामर, खडिया, खोंडा,  कोल, कोलम, कोर्कू, कोरबा, मुंडा, उरांव, प्रधान, बघरी।
पश्चिम बंगाल: होस, कोरा, मुंडा, उरांव, भूमिज, संथाल, गेरो, लेप्चा, असुर, बैगा, बंजारा, भील, गोंड, बिरहोर, खोंड, कोरबा, लोहरा।
हिमाचल प्रदेश: गद्दी, गुर्जर, लाहौल, लांबा, पंगवाला, किन्नौरी, बकरायल।
मणिपुर: कुकी, अंगामी, मिजो, पुरुम, सीमा।
मेघालय: खासी, जयन्तिया, गारो।
त्रिपुरा: लुशाई, माग, हलम, खशिया, भूटिया, मुंडा, संथाल, भील, जमनिया, रियांग, उचाई।
कश्मीर: गुर्जर।
गुजरात: कथोड़ी, सिद्दीस, कोलघा, कोटवलिया, पाधर, टोडिय़ा, बदाली, पटेलिया।
उत्तर प्रदेश: बुक्सा, थारू, माहगीर, शोर्का, खरवार, थारू, राजी, जॉनसारी।
उत्तरांचल: भोटिया, जौनसारी, राजी।
केरल: कडार, इरुला, मुथुवन, कनिक्कर, मलनकुरावन, मलरारायन, मलावेतन, मलायन, मन्नान, उल्लातन, यूराली, विशावन, अर्नादन, कहुर्नाकन, कोरागा, कोटा, कुरियियान,कुरुमान, पनियां, पुलायन, मल्लार, कुरुम्बा।
छत्तीसगढ़: कोरकू, भील, बैगा, गोंड, अगरिया, भारिया, कोरबा, कोल, उरांव, प्रधान, नगेशिया, हल्वा, भतरा, माडिया, सहरिया, कमार, कंवर।
तमिलनाडु: टोडा, कडार, इकला, कोटा, अडयान, अरनदान, कुट्टनायक, कोराग, कुरिचियान, मासेर, कुरुम्बा, कुरुमान, मुथुवान, पनियां, थुलया, मलयाली, इरावल्लन, कनिक्कर,मन्नान, उरासिल, विशावन, ईरुला।
कर्नाटक: गौडालू, हक्की, पिक्की, इरुगा, जेनु, कुरुव, मलाईकुड, भील, गोंड, टोडा, वर्ली, चेन्चू, कोया, अनार्दन, येरवा, होलेया, कोरमा।
उड़ीसा: बैगा, बंजारा, बड़होर, चेंचू, गड़ाबा, गोंड, होस, जटायु, जुआंग, खरिया, कोल, खोंड, कोया, उरांव, संथाल, सओरा, मुन्डुप्पतू।
पंजाब: गद्दी, स्वागंला, भोट।
राजस्थान:मीणा, भील, गरसिया, सहरिया, सांसी, दमोर, मेव, रावत, मेरात, कोली।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह: औंगी आरबा, उत्तरी सेन्टीनली, अंडमानी, निकोबारी, शोपन।

अरुणाचल प्रदेश: अबोर, अक्का, अपटामिस, बर्मास, डफला, गालोंग, गोम्बा, काम्पती, खोभा मिसमी, सिगंपो, सिरडुकपेन।

Friday, June 22, 2012

विज्ञान के क्षेत्र से जुड़ी जानकारियों से रहें अपडेट..


1. ब्रम्हांड के रहस्यमयी तत्व हिग्स बोसॉन की खोज में लगे विश्व के प्रमुख वैज्ञानिकों का दावा है कि इस साल के अंत तक इस तत्व के मौजूद होने के प्रमाण मिल सकते हैं। यह अति महत्वाकांक्षी प्रयोग किस विशालतम मशीन में किया जा रहा है?
(क) लांग हैड्रान कोलाइडर
(ख) शार्ट हैड्रान कोलाइडर
(ग) लार्ज हैड्रान कोलाइडर
(घ) लार्ज नैड्रान कोलाइडर
2. अमेरिकी दंत चिकित्सकों द्वारा किए गए एक शोध के अनुसार खाने के तुरंत बाद ब्रशिंग करने से दांतों की निचली लेयर को नुकसान होता है, जबकि 30 या 60 मिनट बाद ब्रशिंग करने से कम नुकसान होता है। दांतों की संवेदनशील निचली लेयर को क्या कहा जाता है?
(क) केंटिन
(ख) डेंट
(ग) केंट
(घ) डेंटिन
3. अमेरिका स्थित मेयो क्लिनिक सेंटर द्वारा किए गए एक शोध के अनुसार चीन में पाई जाने वाली एक जडी-बूटी, कैंसर से हुई थकान को कम कर सकती है।
यह जडी-बूटी कौन सी है?
(क) टिनसेंग
(ख) किनसेंग
(ग) नेसेंग
(घ) जिनसेंग
4. इन दिनों चीन में मोबाइल की चोरी रोकने के लिए ऐसे अप्लिकेशन का इस्तेमाल हो रहा है, जो गलत पासवर्ड डालने पर व्यक्ति का चित्र लेकर उसे चुपके से ईमेल कर देता है। यह अप्लिकेशन कौन सा है?
(क) आईगॉटया
(ख) पीगॉटया
(ग) आईगॉटपा
(घ) गॉटपी
सही उत्तर- 1.ग, 2.घ, 3.घ, 4.क

Tuesday, June 5, 2012

टैबलेट की खूबियां-कमियां


यदि आप टैब के दीवाने तो हैं लेकिन आपकी जेब इसे खरीदने की इजाजत नहीं देती है तो कोई बात नहीं है। बाजार में कुछ कंपनियों ने आपके बजट का ध्यान रखते हुए कई सस्ते टैब भी लांच किए हैं। दस हजार से भी कम कीमतों वाले इन टैब में वह सब खासियत है जो अन्य टैब में होती है। 
आईबेरी बीटी07आई
कीमत : 8, 000 रुपए
जो लोग अपनी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा टैब में नहीं खर्च करना चाहते हैं तो इनके लिए आईबेरी बीटी07आई एक अच्छा ऑप्शन है। चार जीबी इंटरनल मेमोरी के साथ आप इसमें 32 जीबी तक के माइक्रो एसडी कार्ड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। 7 इंच की टच स्क्रीन के साथ 1080पी वीडियो प्लेबेक को सपोर्ट करने वाले इस टैब में बस कैमरे की कमी है। यदि आप कैमरे को भूल सकते हैं तो यह आपकी जेब के हिसाब से एक अच्छा आप्शन है। 
एनल नोवो 7 पलादीन
कीमत : 7,990 रुपए
दस हजार से कम कीमत वाले एंड्रायड टैब में आईनोल नोवो 7 पालादिन भी एक अच्छा ऑप्शन है। गूगल के लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम से चलने वाले इस टैब में 3जी और वाईफाई की सुविधा है। सात इंच टख्चस्क्रीन के साथ इसमें आठ जीबी की इंटरनल मेमोरी है। इसे आठ जीबी तक और बढ़ाया जा सकता है।

RTET - 2012 (syllabus)



Click here & Chek



http://www.rtetbser.com/

Sunday, May 6, 2012

सोशल मीडिया में छा गया सत्यमेव जयते


 'सत्यमेव जयते' से छोटे पर्दे पर अपनी पारी की शुरुआत करने वाले 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान को लेकर सोशल मीडिया में मिलीजुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। रविवार को दूरदर्शन व स्टार प्लस पर दिखाए गए इस कार्यक्रम से पहले आमिर खान ने इसका काफी प्रचार-प्रसार किया था।
ट्विटर पर इस कार्यक्रम की खूब चर्चा हो रही है। सत्यमेव जयते, आमिर खान, स्टार प्लस, कन्या भ्रूण हत्या व दूरदर्शन के बारे में सर्वाधिक ट्वीट किए जा रहे हैं। चोटी के दस ट्वीट्स में से सात इसी कार्यक्रम या आमिर खान के बारे में हैं। अधिकतर प्रतिक्रियाएं सकारात्मक हैं, लेकिन इस कार्यक्रम की व्यावसायिक प्रकृति पर कुछ तल्ख टिप्पणियां भी की जा रही हैं। हिंदी फिल्म जगत के आमिर खान के साथी बोमन ईरानी, फरहान अख्तर, कबीर बेदी व प्रिटी जिंटा ने ट्विटर पर सत्यमेव जयते को काफी सराहा है। मशहूर हस्तियां जहां सीधी प्रतिक्रिया दे रही हैं, वहीं आम लोग खुलकर समर्थन व आलोचना भी कर रहे हैं।

वसुंधरा राजे ने कहा, ये पार्टी का अंदरूनी मामला


 पार्टी से इस्तीफे की पेशकश के मामले में वसुंधरा राजे ने कहा है कि ये पार्टी का अंदरूनी मामला है और इसे पार्टी के अंदर ही निपटा लिया जाएगा। उनके इस्तीफे की घोषणा का बाद उपजी स्थितियों को लेकर जब मीडिया ने सवाल किए तो उन्होंने कहा कि यह अंदरूनी मामला है। कुछ क्षणों के लिए मीडिया के सामने आई वसुंधरा राजे ने कहा कि आप लोग क्यों परेशान हो रहे हैं। इस बीच 41 विधायकों ने राजे के समर्थन में अपने इस्तीफे उनको सौंप दिए हैं। 
गुलाबचंद कटारिया की मेवाड़ में जनजागरण यात्रा को लेकर उपजे विवाद के बाद शनिवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक के दौरान वसुंधरा राजे नाराज होकर बीच में उठकर बाहर आ गई थीं। उन्होंने बाहर मीडिया के समक्ष कहा, अगर वे पार्टी के सामने कार्यकर्ताओं की बात नहीं रख पा रही हैं तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। 
उनकी इस घोषणा के बाद प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व में भूचाल की स्थिति आ गई। शनिवार रात को ही कुछ विधायकों और पार्टी नेताओं ने इस्तीफे की घोषणा कर दी थी। रविवार सुबह से ही यह सिलसिला फिर से चल पड़ा। दोपहर तक 41 विधायकों ने प्रतिपक्ष की नेता वसुंधरा राजे को उनके समर्थन में अपने इस्तीफे सौंप दिए। 
केंद्रीय नेताओं ने की बातचीत
पता चला है कि भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने वसुंधरा राजे से इस्तीफे को लेकर बातचीत की है। इनमें नितिन गडकरी, अरुण जेटली और मुख्तार अब्बास नकवी का नाम बताया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि संघ के किसी वरिष्ठ कार्यकर्ता को भी इस डैमेज कंट्रोल के लिए कहा गया है। केंद्रीय नेताओं से बातचीत के बाद ही वसुंधरा राजे ने इसे पार्टी का अंदरूनी मामला करार देते हुए आपस में निपटा लेने की बात कही है।
इन विधायकों ने दिए इस्तीफे 
किरण माहेश्वरी, कल्याण सिंह चौहान, हरिसिंह रावत और भवानी सिंह राजावत शनिवार की रात को ही इस्तीफा दे चुके थे। रविवार को दोपहर तक इस्तीफा देने वालों में डॉ. दिगंबर सिंह, कालीचरण सर्राफ, बाबूलाल बैरवा, मोहनलाल गुप्ता, ओम बिड़ला, अशोक डोगरा, ग्यारसा राम कोली, बहादुर सिंह कोली, हेम सिंह भडाना, अशोक परनामी, रोहिताश्व कुमार शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह राणावत, निर्मल कुमावत, नंदलाल मीणा, शंकरसिंह रावत, सुंदरलाल, विजय बंसल, रामलाल गुर्जर, कृष्णेंद्र कौर दीपा, सगीरन खां, रवींद्र सिंह बोहरा, सुखराम, राधेश्याम गंगानगर, राजपाल सिंह शेखावत, जीवा राम चौधरी, अर्जुनलाल गर्ग, कमसा मेघवाल, सुखराम नेतडिय़ा, हरिसिंह रावत, बंशीधर खंडेला, रोहिणी कुमारी, राजकुमार रिणवा, अनिल जैन, सूर्यकांता व्यास, डॉ.जसवंत यादव और प्रभुलाल सैनी शामिल हैं। इनके अलावा निर्दलीय रणधीर पहलवान और जीवा राम चौधरी ने भी अपने इस्तीफे वसुंधरा राजे को दे दिए।

Saturday, March 31, 2012

खाता बदले बिना बैंक बदलने की सुविधा को मंजूरी

अब आप बिना खाता बदले ही अपना बैंक बदल सकते हैं। एक्सक्लूसिव जानकारी मिली है कि वित्त मंत्रालय ने सरकारी बैंकों मे सेविंग अकाउंट नंबर पोर्टबिलिटी लाने को मंजूरी दे दी है। 

सेविंग अकाउंट पोर्टबिलिटी के तहत ग्राहक केवाईसी की प्रक्रिया दोहराए बिना एक बैंक से दूसरे बैंक में खाता ट्रांसफर कर सकेंगे। पोर्टबिलिटी लागू करने के लिए बैंकों ने कोर बैंकिंग सॉल्यूशन पर काम शुरू कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक निजी बैंकों में भी सेविंग अकाउंट पोर्टबिलिटी शुरू करने के लिए वित्त मंत्रालय ने आरबीआई को चिट्ठी लिखी है। 

Monday, March 26, 2012

पेट्रोल सस्ता,जमीन,बीड़ी,गुटखा महंगा

महंगाई की मार झेल रही राजस्थान की जनता को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल सस्ता कर दिया है। गहलोत ने विधानसभा में साल 2012-13 का बजट पेश करते हुए पेट्रोल पर वैट की दर में कमी करने की घोषणा की है। पेट्रोल पर वैट की दर में 2 फीसदी की कमी की गई है। पहले वैट की दर 28 फीसदी थी जो अब 26 फीसदी हो गई है। वैट दर में कमी के बाद प्रदेश में पेट्रोल करीब 1 रूपए 30 पैसा सस्ता हो जाएगा। पेट्रोल पर वैट की दर में कमी की पहले से ही उम्मीद थी। 

सिनेमा देखना और टू व्हिलर और कारें सस्ती 

टू व्हिलर खरीदने वालों को बड़ी राहत मिली है। 125 सीसी वाले टू व्हिलर पर लगने वाली वैट की दर को 8 फीसदी से घटाकर 4 फीसदी कर दी गई है। इससे टू व्हिलर सस्ते हो जाएंगे। साथ ही 10 लाख से ज्यादा तक की कारें भी सस्ती हो गई है। 10 लाख से ज्याद की कारों पर वैट दर में कमी की गई है। मनोरंजन को कर मुक्त कर दिया है। इससे फिल्म देखना भी सस्ता हो गया है। 

साथ ही धूप के चश्मे, त्रिपाल, टैंट व हैंडीक्राफ्ट का सामना सस्ता हो गया है। इन पर वैट की दर 14 से 5 प्रतिशत की गई है। कैरीबैग्स पर वैट की दर 15 से 5 प्रतिशत की गई है। ऑटोमोबाइल बॉडी पर वैट 14 से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है। सोलर पॉवर व बायोगैस प्लांट में काम आने वाले उपकरण सस्ते हो गए हैं। एटीएम पर वैट की दर 14 प्रतिशत से घटाकर 5 फीसदी की गई है। 

घर बनाना भी हुआ महंगा 
जो लोग घर बनाने का सपना देख रहे थे उनको तगड़ा झटका लगा है। प्रदेश सरकार ने जमीन की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। प्रदेश में जमीन की डीएलसी की दरों में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। 

जमीन की दरों में बढ़ोतरी से घर बनाना भी महंगा हो जाएगा। बीड़ी,सिगरेट, पान मसाला और गुटखा महंगा हो गया है। तंबाकू उत्पादों पर टैक्स की दर में 10 फीसदी की बढ़ोतरी हो गई है। टैक्स की दर 40 से 50 फीसदी की गई है। वैट की दरों में बढ़ोतरी से राज्य सरकार को 300 करोड़ की आय होगी। वैट की दरों में राहत से 225 करोड़ का खर्च होगा। 

अन्य घोषणाएं
किसानों को एकमुश्त ऋण जमा कराने पर ब्याज में छूट
वार्षिक रिटर्न व ऑडिट रिपोर्ट की अंतिम तिथि 31 जनवरी की गई
स्थानीय निकायों से संबद्ध लीज मनी एक साथ जमा कराने पर 100 फीसदी तक ब्याज में छूट 
उद्यमियों की सुविधा के लिए अब रिटर्न 30 अप्रैल तक जमा कराई जा सकेगी। लेट फीस के साथ भी रिटर्न जमा कराई जा सकेगी।  

Saturday, March 17, 2012

आखिरकार सचिन ने ‘महाशतक’ रच दिया!

क्रिकेट के ‘भगवान’ का दर्जा पा चुके अनुभवी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर एक वर्ष बाद अपने महाशतक का सूखा खत्म करने में कामयाब रहे। एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ सचिन ने अपने एकदिवसीय जीवन का 49वां और कुल 100वां शतक पूरा कर लिया।

सचिन ने अपने क्रिकेट करियर में 51 टेस्ट शतक लगाए हैं। सचिन ने अपनी 138 गेंदों की पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया।

वर्ष 2011 में सचिन ने कुल 11 एकदिवसीय खेले और इस दौरान उन्होंने विश्वकप में 27 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ 120 रन और 12 मार्च को नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 111 रन बनाए थे। इसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में उन्होंने 30 मार्च को उन्होंने मोहाली में पाकिस्तान के खिलाफ 85 रन बनाकर अपने शतक से महज 15 रनों से चूक गए थे।

इसके बाद ऐसे करीब चार से पांच मौके आए जब सचिन अपना महाशतक बनाने में विफल रहे। इंग्लैंड में चौथे टेस्ट के दौरान सचिन 91 पर आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए भी तेंदुलकर को अपना 100वां शतक लगाने का भरपूर मौका मिला, लेकिन रवि रामपाल ने महज छह रनों से दूर 94 रनों पर सचिन की विकेट उखाड़ दी। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी सचिन ने सिडनी टेस्ट की दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी, लेकिन कप्तान माइकल क्लार्क ने उनका यह सफर आगे बढ़ने से थाम लिया।

सचिन ने भारत के लिए 188 टेस्ट मैचों में 15470 रन बनाए हैं। इसमें 51 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं जबकि 462 एकदिवसीय मैचों में सचिन के बल्ले से 49 शतक और 18360 रन निकले हैं। 

Wednesday, March 14, 2012

रेल बजट

* रेल किराया बढ़ाने की घोषणा। आठ साल बाद बढ़ा किराया। 
* पैसेंजर ट्रेन का किराया 2 पैसे, सेकंड क्लास में 2 पैसे, स्लीपर पर किराया 5 पैसे, एसी 3 टीयर में 10 पैसे प्रति किमी, एसी 2 टीयर में 15 पैसे और एसी वन में 30 पैसे प्रति किमी यात्री किराया बढ़ाने की घोषणा। 
* इज्जत का टिकट 150 किमी तक चलेगा। पहले 100 किमी तक यात्रा कर सकते थे यात्री।
* रेल किराया बढ़ाने की घोषणा। आठ साल बाद बढ़ा किराया। 
* एसी 2,3 में एनिमिया के मरीजों को छूट। 
* रेलवे का मुनाफा 1492 करोड़, 5000 करोड़ के मुनाफे का अनुमान था। 
* 5.4 प्रतिशत यात्री बढ़ने का अनुमान।
* यात्री किराए से 36 हजार करोड़ की आमदनी। 
* वित्त मंत्रालय से लिया 3 हजार करोड़ रुपए का लोन। 
* अमृतसर-नांदेड़-पटना साहिब के बची गुरु परिक्रमा के नाम से ट्रेन। 
चेन्नई में 75 लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव। 
* रेलवे की माली हालत खराब, रेलवे को पैसा चाहिए।
* आमदनी का लक्ष्य कम किया। 
* मुश्किल हालात के बाद भी रेलवे ने डिफाल्ट नहीं किया।
* 75 नई एक्सप्रेस गाड़ियां, 21 नई पैंसेंजर ट्रेने चलाने का प्रस्ताव। 8 नई मेमो और 9 नई डेमों की चलेगी। 
* एक लाख से ज्यादा नौकरियां देगा रेलवे। 
* रेल रत्न पुरस्कार की घोषणा। हर साल 10 खिलाड़ियों को मिलेगा पुरस्कार। 
* रेल कर्मचारियों के लिए सेहत कार्यक्रम। कर्मचारियों को 78 दिन के वेतन के बराबर बोनस। 
* हाई स्पीड ट्रेनों पर जोर, 6 ट्रेकों पर चलेगी हाई स्पीड ट्रेन। 
* 250-300 किमी की रफ्तार से चलेगी ट्रेन। 
* खुले टॉयलेट से होता है पटरी को नुकसान। 2500 डिब्बे में बॉयो टॉयलेट बनेंगे। 
* ई टिकट एसएमएस टिकट माना जाएगा। 
* ई टिकट का प्रिंट साथ रखना जरूरी नहीं।
* 3500 ट्रेनों में रेल पुलिस-आरपीएफ। 
* रेल, स्टेशन में सफाई बेहतर होगी। 6 माह में दिखेगा सुधार। 
* ट्रेन और स्टेशन की सफाई पर जोर।
* सफाई के लिए अलग हाउसकीपिंग बॉडी। 
* कैटरिंग में सुधार की जरूरत। विश्वस्तरीय खाना देंगे। 
* छपरा की पहिया फैक्ट्री चालू होगी।
* विदिशा में डीजल इंजन फैक्ट्री लगाने की घोषणा।
* रायबरेली की कोच निर्माण फैक्ट्री भी चालू होगी। 
* कच्छ, कनार्टक में कोच फैक्ट्री लगेगी। 
* नेपाल को रेल से जोड़ेंगे। 
* श्यामनगर में रेल फैक्ट्री लगेगी। 
* शताब्धी, राजधानी में रेल बंधु पत्रिका।
* चर्चगेट से विरार तक पुल पर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव।
मुंबई लोकल में 1500 नए डिब्बे लगेंगे।
* मुंबई में शहरी रेल विकास के लिए एमयूपीटी 3 
* स्वत्रंत रेल सुरक्षा प्राधिकरण गठित होगा।
* पीपीपी मॉडल के नतीजे अच्छे नहीं रहे। 
* 100 रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसा बनाया जाएगा। 
* 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। 
* 825 गेज परिवर्तन का प्रस्ताव।
* 111 नई रेल लाइनों के लिए सर्वे। 
* रेल लाइनों के लिए 6872 करोड़ रुपए का प्रस्ताव।
* रेलवे ट्रेकों के दोहरेकरण पर जोर रहेगा।
* 100 रेलवे स्टेशनों का एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए पुनर्विकास किया जाएगा।
* बकीमचंद चटोपाध्याय की 150वीं जयंति, उनके नाम पर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव। कोचिंग टर्मिनल भी बनेगा। 
* 45 नई रेल लाइने बिछाने का प्रस्ताव। 
* 700 किलो‍मीटर लाइनें बिछाई जाएगी। 
* रेल के लिए नई राष्ट्रीय नीत‍ि बनाने की जरूरत। 
* स्टेशन विकास से मिलेगा 50 हजार लोगों को रोजगार।
* स्टेशन विकास के लिए निगम बनेगा।
* नए कोचिंग संस्थान मुंबई और पनवेल में।
* तीन हजार किमी रेलमार्ग पर ऑटोमैटिक सिग्नल लगेंगे। 
* नए डिब्बों से हादसे में कम नुकसान होगा। 
* हादसे रोकने के लिए नए डिब्बो पर काम।
* आधुनिकीकरण के लिए मांगे 18 हजार करोड़। 
* 160 किमी रफ्तार से ट्रेन चलाने का प्रस्ताव। 
* 80 प्रतिशत ट्रेने इन 19 हजार किमी पटरियों पर।
* सिग्नल, ट्रेक, पुल, रेलवे स्टेशन, दुरसंचार पांच क्षेत्रों पर रहेगा जोर। 
* पिछड़े इलाकों में रेल के विकास से होगा विकास।
* पांच साल में 19 हजार किमी ट्रेक की मरम्मत होगी। पांच साल में मरम्मत का लक्ष्य। 
* सबसे पहले सिग्नल सिस्टम का नविनीकरण होगा। 
* दुनिया की नजर भारत पर है। भारत की नजर भारतीय रेल पर।
* देश की रगों में दौड़ती है रेल, देश के हर अंग को जोड़ती है रेल, धर्म-जाति को नहीं मानती है रेल इसीलिए सबको जोड़ती है रेल।
* हर मांग पूरी करने की कोशीश।
* रेल की मजबूती से ही देश भी मजबूत होगा। 
* हाथ की लकीरों से जिंदगी नहीं बनती, कुछ हमारा भी हिस्सा है जिंदगी बनाने में।
* हर सांसद की सलाह लेकर बजट बनाया। आम जनता की समस्या को जाना। 
* रेलवे को 10 साल में चाहिए 14 करोड़।
* बजट अगले 5 साल की तस्वीर है। 
* रेलमं‍त्री बोले, गाड़ियां बढ़ाने में दिक्कत, रेल की पटरियां कम पड़ रही है। 
* सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने का फैसला।
* रेल मंत्री बोले, आधुनिकीकरण का रास्ता चुना। 
* रेलवे रिसर्च और डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाने का प्रस्ताव। 
* पीएम रेल विकास योजना पर काम जारी।
* सीमावर्ती राज्यों में रेल सुविधा को बेहतर बनाएंगे। 
* आधुनिकीकरण में 5.60 लाख करोड़ खर्च करेंगे। बुनियादी ढांचे के लिए 2.50 लाख करोड़ का खर्चा। 
* सैम पित्रोदा समिति की सिफारिश। निजी क्षेत्र से भी निवेश की उम्मीद।
* रेल अनुसंधान समिति का प्रस्ताव। 
* रेलवे सेफ्टी अथॉरिटी के गठन का प्रस्ताव। यह समिति विश्व स्तरीय मानकों पर काम करेगी। 
* लेवल क्रॉसिंग खत्म करने के लिए निगम। 5 साल में खत्म होगी लेवर क्रॉसिंग। 
* रेल हादसे कम करने की कोशिशे जारी। 
* जान है तो जहान है। सुरक्षा की अनदेखी नहीं होगी। 
* लालूजी का आशीर्वाद मिला, ममताजी के विजन 20-20 पर रेल बजट।
* रेल मंत्री ने प्रधानमंत्री और ममता बेनर्जी को सहयोग के लिए दिए धन्यवाद।
* रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी में रेल बजट पेश किया। 

Saturday, March 10, 2012

15 मार्च से होंगी बोर्ड की परीक्षाएं

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 15 मार्च से शुरु होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र शुक्रवार को नागौर पहुंच गए। जिला शिक्षा अधिकारी सुमित्रा पारीक के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम ने प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखवाए। इस मौके पर पारीक ने बताया कि प्रश्नपत्रों का वितरण दो चरणों में किया जाएगा। इससे पहले 11 मार्च को पेपर कोआर्डिनेटरों की बैठक होगी। 
उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण सुरक्षा के साथ सावधानी से संपन्न करवाया जाएगा। किसी भी स्तर पर कार्मिकों की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारीक ने बताया कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है।

Wednesday, February 29, 2012

मनरूपराम भींचर अध्यक्ष




जायल तहसील स्तरीय समस्त निजि शिक्षण संस्थाओं की और तहसील स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया । जिसमें सर्व सहमति से मनरूपराम भींचर निदेशक राजस्थान सीनियर सैकण्डरी स्कूल,जायल को सर्व सहमति से अध्यक्ष बनाया गया । जिसमें जायल तहसील के एक सौ से ज्यादा विद्यालय संचालको ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर इन्द्रचंद बिजारणियां,सचिव जीतेन्द्र लोमरोड़,कोषाध्यक्ष श्रवण बांगड़ा,संगठन मंत्री कृपाराम ठोलिया,सहसचिव श्रवण रतावा,सांस्कृतिक सचिव रामकिशोर बुगासरा,संयोजक उमरदीन,रामनारायण,शैतानराम को सर्व सहमति से बनाया गया । अध्यक्ष मनरूपराम भींचर ने समस्य निजि शिक्षण संस्थाओं की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए सरकारी जटिल नियमों के विरूद्ध सबको साथ में सघर्ष करने एवं निजी शिक्षण संस्थाओ के संचालन में आ रही समस्याओं एवं सरकार द्वारा बनाये गए आर.टी.ई. नियमो की कठोर आलोचना की । एवं भविष्य में इन नियमों में सरकार द्वारा सिथलता नही देने पर संघर्ष करने का आहान किया । बैठक में सभी निजि शिक्षण संस्थाओं के संचालको ने बढ चढ भाग लिया एवं भविष्य सभी संस्थाऐं एक साथ एकजुट रहकर कार्य करने का आहान किया । बैठक का आयोजन कल्पना चावला शिक्षण संस्थान,जायल में किया गया । कार्यकारिणी का गठन ऑबजर्वर मदन मिर्धा की देख रेख में किया गया ।

Friday, February 24, 2012

गोठ मांगलोद के दधिमती माता के मंदिर में चोरी

रोल थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध गोठ मांगलोद के दधिमती माता के मंदिर में बुधवार रात चोरों ने मंदिर में धावा बोलकर वहां प्रतिमा पर चढ़े आभूषण व कीमती सामान चुरा लिए। घटना की जानकारी तड़के चौकीदार के पहुंचने पर मिली।
थानाधिकारी विक्रमसिंह के अनुसार दधिमती माता मंदिर से बुधवार रात को अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भक्तों द्वारा चढ़ाएं कीमती आभूषणों से हाथ साफ कर लिया। पुलिस के अनुसार चोर चांदी का बना दधिमती माता का चेहरा, चार किलो चांदी के मुकुट व छतर और तीन तोला सोने का तिलक ले गए। 
मंदिर में चोरी की जानकारी मंदिर के चौकीदार को बुधवार रात तीन बजे हुई। चौकीदार ने बताया कि करीब तीन बजे वह मंदिर में आए लोगों व पूजा अर्चना के लिए पानी गरम करने मंदिर के दूसरे छोर पर गया था। वापस आते वक्त उसने देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला था। उसने पुजारी को सूचना दी। पुजारी ने जाकर देखा तो मंदिर से कई कीमती आभूषण गायब थे। गुरुवार सुबह पुलिस ने मौका मुआयना किया। इस मंदिर में पहले भी तीन बार चोरी हो चुकी है।
थानाधिकारी विक्रमसिंह ने अंदेशा जताया कि चोरों को मंदिर की प्रत्येक गतिविधि की जानकारी थी। मंदिर में देर रात तक भक्तों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में चोरों को इस बात की जानकारी थी कि पुजारी कब तक मंदिर में रहते है और चौकीदार कब, कहां रहता है। मंदिर की दीवारों के आस पास कुछ पैरों के चिह्न मिले हैं। गुरुवार को दिन में जिला कलेक्टर एसएस बिस्सा, एसपी हरिप्रसाद शर्मा व ज़ायल डिप्टी राकेश पुरी भी मौके पर पहुंचें। 

Sunday, February 19, 2012

दिनेश जांगिड़ सम्मानित


जायल में आई.ए.एस. दिनेश जांगिड़ का नागरिक अभिन्नद करते एनएसयुआई कार्यकर्ता

ग्राम फरड़ोद निवासी दिनेश जांगिड़ का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन होने पर शनिवार को छात्र संगठन एनएसयुआई की ओर से नागरिक अभिनन्दन किया गया। एनएसयुआई ब्लॉक अध्यक्ष पवन बटेसर, फरड़ोद सरपंच प्रतिनिधि रमेश फरड़ोदा सहित कार्यकर्ताओं ने जांगिड़ का माल्यार्पण, साफा व अभिनन्दन पत्र प्रदान कर स्वागत सत्कार किया। इस दौरान आई.ए.एस. जांगिड़ ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि नौकरी में रिश्वत व राजनैतिक सिफारिश की बात बेमानी है। विषय में दक्षता, लग्र, मेहनत व समर्पण का भाव रखकर नियमित स्वाध्याय कर आसानी से सफलमा हासिल की जा सकती है। उन्होंने अपने अनुभव सुनातेे हुए कहा कि बगैर किसी कोचिंग संस्थान, नियमित स्वाध्याय करते हुए साधारण परिवार के बावजूद, पटवारी, शिक्षक, व्याख्याता, आरएएस से आईएसएस तक का सफर तय कर लिया है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिए आगामी दिनों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास व युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिएवह सदैव तत्पर रहकर कार्य करते रहेंगे।

किसान सम्मेलन आयोजित



 जायल के पुराना बस स्टेण्ड पर किसान सम्मेलन में उपस्थित किसान

अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले शनिवार को पुराना बस स्टेण्ड पर किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए सभा के प्रदेशाध्यक्ष व विधायक कॉमरेड अमराराम ने कहा कि आजादी के ६५ वर्ष बाद भी ग्रामीण पीने के पानी को तरसरहे है। किसान व मजदूर की हालात बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस को सांपनाथ व नागनाथ की उपमा देते हुए कहा कि किसान हितों पर वोट लेकर चुनाव जीतते ही किसानों को भुला देने वाली दोनों पार्टीयां बार-बारी से शासन कर रही है। उन्होंने बढ़ती हुई महंगाई, पेयजल संकट, विद्युत दरों में बढ़ोतरी, किसान की उपज का उचित दाम नहीं मिलने व नागौरी नस्ल के बछड़ो की बिक्री पर रोक लगी हटाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर २२ फरवरी को मौलासर में आयोजित विशाल जनसभा में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भागीरथ नेतड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री सीबीआई का दुरूपयोग कर किसान नेताओं की राजनैतिक हत्या करने में जुटे हुए है। भंवरी प्रकरण में १२५ सीडी मिलने के बावजूद महज एक सीडी को जांच का आधार बनाकर किसान नेताओं को प्रताडि़त करने में जुटी हुई है। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सरपंच रामकरण चौधरी ने किसानों से अपनी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन कॉमरेड जगदीश पोटलिया ने किया।

Saturday, February 11, 2012

Wednesday, February 8, 2012

भारत ने श्रीलंका को 4 विकेट से रौंदा

 विराट कोहली (77) की जुझारू अर्धशतकीय पारी और रविचंद्रन अश्विन (3 विकेट और नाबाद 30 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन से भारत ने श्रीलंका को त्रिकोणीय एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट शृंखला में आज यहां चार विकेट से हराकर शृंखला में अपनी पहली जीत दर्ज की।
भारत ने एक वक्त अपने छह विकेट 181 रन तक गंवा दिए थे, लेकिन अश्विन (नाबाद 30) और रवीन्द्र जडेजा (नाबाद 24) ने फिर सातवें विकेट के लिए 53 रन की अविजित साझेदारी कर भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। भारत ने 46.4 ओवर में छह विकेट पर 234 रन बनाए।

भारत को हालांकि जीत के लिए 234 रन का मामूली लक्ष्य मिला था, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से भारतीय बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को मुश्किल बना दिया था। लेकिन विराट ने 94 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाकर भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त कर दिया।

विराट ने एक छोर पर खूंटा गाड़ते हुए सचिन तेंदुलकर (48) के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 रन, रोहित शर्मा (10) के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन और सुरेश रैना (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन की अहम साझेदारियां की। जडेजा ने 28 गेंदों में एक चौके की मदद से नाबाद 24 और अश्विन ने 38 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 30 रन बनाए।

भारत ने इस मैच में सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को आराम दिया था और वह तीन तेज गेंदबाजों और दो स्पिनरों के साथ उतरा था। भारत की त्रिकोणीय शृंखला में यह पहली जीत है। उसे पिछले मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के हाथों 65 से हार का सामना करना पड़ा था।

जीत के लिए 234 रन के सामान्य लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पिछले मैच में आराम लेने वाले वीरेन्द्र सेहवाग आठ गेंदों में दो चौकों की मदद से आठ रन बनाकर चलते बने। उन्हें लसित मलिंगा की गेंद पर नुवान कुलशेखरा ने आउट किया।

लेकिन सचिन और विराट ने टीम को शुरुआती झटके से उबार लिया। इस जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 75 रन जोड़े। सचिन आज अच्छे टच में नजर आ रहे थे, लेकिन वह अपने अर्धशतक से मात्र दो रन पीछे रह गए। वह 63 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाने के बाद एंजेलो मैथ्यूज की गेंद को विकेटों पर खेल बैठे।

रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और मात्र दस रन बनाकर थिषारा परेरा की गेंद पर तिलकरत्ने दिलशान के हाथों लपके गए। विराट ने फिर रैना के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन की अहम साझेदारी की। इस दौरान विराट ने 66 गेंदों में सात चौकों की मदद से अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया।

रैना ने 27 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाए। वह मैथ्यूज की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी के हाथों लपके गए। कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया। वह मात्र चार रन ही बना सके और धम्मिका प्रसाद की गेंद पर मलिंगा के हाथों लपके गए।

एक छोर पर खूंटा गाड़कर खेल रहे विराट का धैर्य भी आखिर जवाब दे गया और वह तेजी से रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए। इस तरह भारत ने अपने छह शीर्ष बल्लेबाज 181 रन तक गंवा दिए थे और उसकी जीत की राह मुश्किल हो चली थी। भारत को जीत के लिए अब भी 53 रन की जरूरत थी जबकि उसके चार पुछल्ले विकेट शेष थे।

लेकिन जडेजा और मैन आफ द मैच अश्विन ने धैर्य के साथ खेलते हुए भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने बिना किसी हड़बड़ी के श्रीलंकाई गेंदबाजों को आराम से खेला और भारत को जीत दिलाकर नाबाद वापस लौटे।

भारत को जब जीत के लिए मात्र एक रन चाहिए था तब अश्विन का शॉट श्रीलंका के तीन क्षेत्ररक्षकों के बीच में गिरा, लेकिन किसी ने भी उसे पकड़ने की जहमत नहीं उठायी। श्रीलंका की ओर से मैथ्यूज ने 31 रन पर दो विकेट लिए जबकि मलिंगा, धम्मिका और परेरा को एक-एक विकेट मिला।