Monday, March 26, 2012

पेट्रोल सस्ता,जमीन,बीड़ी,गुटखा महंगा

महंगाई की मार झेल रही राजस्थान की जनता को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल सस्ता कर दिया है। गहलोत ने विधानसभा में साल 2012-13 का बजट पेश करते हुए पेट्रोल पर वैट की दर में कमी करने की घोषणा की है। पेट्रोल पर वैट की दर में 2 फीसदी की कमी की गई है। पहले वैट की दर 28 फीसदी थी जो अब 26 फीसदी हो गई है। वैट दर में कमी के बाद प्रदेश में पेट्रोल करीब 1 रूपए 30 पैसा सस्ता हो जाएगा। पेट्रोल पर वैट की दर में कमी की पहले से ही उम्मीद थी। 

सिनेमा देखना और टू व्हिलर और कारें सस्ती 

टू व्हिलर खरीदने वालों को बड़ी राहत मिली है। 125 सीसी वाले टू व्हिलर पर लगने वाली वैट की दर को 8 फीसदी से घटाकर 4 फीसदी कर दी गई है। इससे टू व्हिलर सस्ते हो जाएंगे। साथ ही 10 लाख से ज्यादा तक की कारें भी सस्ती हो गई है। 10 लाख से ज्याद की कारों पर वैट दर में कमी की गई है। मनोरंजन को कर मुक्त कर दिया है। इससे फिल्म देखना भी सस्ता हो गया है। 

साथ ही धूप के चश्मे, त्रिपाल, टैंट व हैंडीक्राफ्ट का सामना सस्ता हो गया है। इन पर वैट की दर 14 से 5 प्रतिशत की गई है। कैरीबैग्स पर वैट की दर 15 से 5 प्रतिशत की गई है। ऑटोमोबाइल बॉडी पर वैट 14 से घटाकर 5 प्रतिशत किया गया है। सोलर पॉवर व बायोगैस प्लांट में काम आने वाले उपकरण सस्ते हो गए हैं। एटीएम पर वैट की दर 14 प्रतिशत से घटाकर 5 फीसदी की गई है। 

घर बनाना भी हुआ महंगा 
जो लोग घर बनाने का सपना देख रहे थे उनको तगड़ा झटका लगा है। प्रदेश सरकार ने जमीन की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। प्रदेश में जमीन की डीएलसी की दरों में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। 

जमीन की दरों में बढ़ोतरी से घर बनाना भी महंगा हो जाएगा। बीड़ी,सिगरेट, पान मसाला और गुटखा महंगा हो गया है। तंबाकू उत्पादों पर टैक्स की दर में 10 फीसदी की बढ़ोतरी हो गई है। टैक्स की दर 40 से 50 फीसदी की गई है। वैट की दरों में बढ़ोतरी से राज्य सरकार को 300 करोड़ की आय होगी। वैट की दरों में राहत से 225 करोड़ का खर्च होगा। 

अन्य घोषणाएं
किसानों को एकमुश्त ऋण जमा कराने पर ब्याज में छूट
वार्षिक रिटर्न व ऑडिट रिपोर्ट की अंतिम तिथि 31 जनवरी की गई
स्थानीय निकायों से संबद्ध लीज मनी एक साथ जमा कराने पर 100 फीसदी तक ब्याज में छूट 
उद्यमियों की सुविधा के लिए अब रिटर्न 30 अप्रैल तक जमा कराई जा सकेगी। लेट फीस के साथ भी रिटर्न जमा कराई जा सकेगी।  

Saturday, March 17, 2012

आखिरकार सचिन ने ‘महाशतक’ रच दिया!

क्रिकेट के ‘भगवान’ का दर्जा पा चुके अनुभवी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर एक वर्ष बाद अपने महाशतक का सूखा खत्म करने में कामयाब रहे। एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ सचिन ने अपने एकदिवसीय जीवन का 49वां और कुल 100वां शतक पूरा कर लिया।

सचिन ने अपने क्रिकेट करियर में 51 टेस्ट शतक लगाए हैं। सचिन ने अपनी 138 गेंदों की पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया।

वर्ष 2011 में सचिन ने कुल 11 एकदिवसीय खेले और इस दौरान उन्होंने विश्वकप में 27 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ 120 रन और 12 मार्च को नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 111 रन बनाए थे। इसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में उन्होंने 30 मार्च को उन्होंने मोहाली में पाकिस्तान के खिलाफ 85 रन बनाकर अपने शतक से महज 15 रनों से चूक गए थे।

इसके बाद ऐसे करीब चार से पांच मौके आए जब सचिन अपना महाशतक बनाने में विफल रहे। इंग्लैंड में चौथे टेस्ट के दौरान सचिन 91 पर आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए भी तेंदुलकर को अपना 100वां शतक लगाने का भरपूर मौका मिला, लेकिन रवि रामपाल ने महज छह रनों से दूर 94 रनों पर सचिन की विकेट उखाड़ दी। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी सचिन ने सिडनी टेस्ट की दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी, लेकिन कप्तान माइकल क्लार्क ने उनका यह सफर आगे बढ़ने से थाम लिया।

सचिन ने भारत के लिए 188 टेस्ट मैचों में 15470 रन बनाए हैं। इसमें 51 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं जबकि 462 एकदिवसीय मैचों में सचिन के बल्ले से 49 शतक और 18360 रन निकले हैं। 

Wednesday, March 14, 2012

रेल बजट

* रेल किराया बढ़ाने की घोषणा। आठ साल बाद बढ़ा किराया। 
* पैसेंजर ट्रेन का किराया 2 पैसे, सेकंड क्लास में 2 पैसे, स्लीपर पर किराया 5 पैसे, एसी 3 टीयर में 10 पैसे प्रति किमी, एसी 2 टीयर में 15 पैसे और एसी वन में 30 पैसे प्रति किमी यात्री किराया बढ़ाने की घोषणा। 
* इज्जत का टिकट 150 किमी तक चलेगा। पहले 100 किमी तक यात्रा कर सकते थे यात्री।
* रेल किराया बढ़ाने की घोषणा। आठ साल बाद बढ़ा किराया। 
* एसी 2,3 में एनिमिया के मरीजों को छूट। 
* रेलवे का मुनाफा 1492 करोड़, 5000 करोड़ के मुनाफे का अनुमान था। 
* 5.4 प्रतिशत यात्री बढ़ने का अनुमान।
* यात्री किराए से 36 हजार करोड़ की आमदनी। 
* वित्त मंत्रालय से लिया 3 हजार करोड़ रुपए का लोन। 
* अमृतसर-नांदेड़-पटना साहिब के बची गुरु परिक्रमा के नाम से ट्रेन। 
* चेन्नई में 75 लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव। 
* रेलवे की माली हालत खराब, रेलवे को पैसा चाहिए।
* आमदनी का लक्ष्य कम किया। 
* मुश्किल हालात के बाद भी रेलवे ने डिफाल्ट नहीं किया।
* 75 नई एक्सप्रेस गाड़ियां, 21 नई पैंसेंजर ट्रेने चलाने का प्रस्ताव। 8 नई मेमो और 9 नई डेमों की चलेगी। 
* एक लाख से ज्यादा नौकरियां देगा रेलवे। 
* रेल रत्न पुरस्कार की घोषणा। हर साल 10 खिलाड़ियों को मिलेगा पुरस्कार। 
* रेल कर्मचारियों के लिए सेहत कार्यक्रम। कर्मचारियों को 78 दिन के वेतन के बराबर बोनस। 
* हाई स्पीड ट्रेनों पर जोर, 6 ट्रेकों पर चलेगी हाई स्पीड ट्रेन। 
* 250-300 किमी की रफ्तार से चलेगी ट्रेन। 
* खुले टॉयलेट से होता है पटरी को नुकसान। 2500 डिब्बे में बॉयो टॉयलेट बनेंगे। 
* ई टिकट एसएमएस टिकट माना जाएगा। 
* ई टिकट का प्रिंट साथ रखना जरूरी नहीं।
* 3500 ट्रेनों में रेल पुलिस-आरपीएफ। 
* रेल, स्टेशन में सफाई बेहतर होगी। 6 माह में दिखेगा सुधार। 
* ट्रेन और स्टेशन की सफाई पर जोर।
* सफाई के लिए अलग हाउसकीपिंग बॉडी। 
* कैटरिंग में सुधार की जरूरत। विश्वस्तरीय खाना देंगे। 
* छपरा की पहिया फैक्ट्री चालू होगी।
* विदिशा में डीजल इंजन फैक्ट्री लगाने की घोषणा।
* रायबरेली की कोच निर्माण फैक्ट्री भी चालू होगी। 
* कच्छ, कनार्टक में कोच फैक्ट्री लगेगी। 
* नेपाल को रेल से जोड़ेंगे। 
* श्यामनगर में रेल फैक्ट्री लगेगी। 
* शताब्धी, राजधानी में रेल बंधु पत्रिका।
* चर्चगेट से विरार तक पुल पर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव।
* मुंबई लोकल में 1500 नए डिब्बे लगेंगे।
* मुंबई में शहरी रेल विकास के लिए एमयूपीटी 3 
* स्वत्रंत रेल सुरक्षा प्राधिकरण गठित होगा।
* पीपीपी मॉडल के नतीजे अच्छे नहीं रहे। 
* 100 रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसा बनाया जाएगा। 
* 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। 
* 825 गेज परिवर्तन का प्रस्ताव।
* 111 नई रेल लाइनों के लिए सर्वे। 
* रेल लाइनों के लिए 6872 करोड़ रुपए का प्रस्ताव।
* रेलवे ट्रेकों के दोहरेकरण पर जोर रहेगा।
* 100 रेलवे स्टेशनों का एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए पुनर्विकास किया जाएगा।
* बकीमचंद चटोपाध्याय की 150वीं जयंति, उनके नाम पर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव। कोचिंग टर्मिनल भी बनेगा। 
* 45 नई रेल लाइने बिछाने का प्रस्ताव। 
* 700 किलो‍मीटर लाइनें बिछाई जाएगी। 
* रेल के लिए नई राष्ट्रीय नीत‍ि बनाने की जरूरत। 
* स्टेशन विकास से मिलेगा 50 हजार लोगों को रोजगार।
* स्टेशन विकास के लिए निगम बनेगा।
* नए कोचिंग संस्थान मुंबई और पनवेल में।
* तीन हजार किमी रेलमार्ग पर ऑटोमैटिक सिग्नल लगेंगे। 
* नए डिब्बों से हादसे में कम नुकसान होगा। 
* हादसे रोकने के लिए नए डिब्बो पर काम।
* आधुनिकीकरण के लिए मांगे 18 हजार करोड़। 
* 160 किमी रफ्तार से ट्रेन चलाने का प्रस्ताव। 
* 80 प्रतिशत ट्रेने इन 19 हजार किमी पटरियों पर।
* सिग्नल, ट्रेक, पुल, रेलवे स्टेशन, दुरसंचार पांच क्षेत्रों पर रहेगा जोर। 
* पिछड़े इलाकों में रेल के विकास से होगा विकास।
* पांच साल में 19 हजार किमी ट्रेक की मरम्मत होगी। पांच साल में मरम्मत का लक्ष्य। 
* सबसे पहले सिग्नल सिस्टम का नविनीकरण होगा। 
* दुनिया की नजर भारत पर है। भारत की नजर भारतीय रेल पर।
* देश की रगों में दौड़ती है रेल, देश के हर अंग को जोड़ती है रेल, धर्म-जाति को नहीं मानती है रेल इसीलिए सबको जोड़ती है रेल।
* हर मांग पूरी करने की कोशीश।
* रेल की मजबूती से ही देश भी मजबूत होगा। 
* हाथ की लकीरों से जिंदगी नहीं बनती, कुछ हमारा भी हिस्सा है जिंदगी बनाने में।
* हर सांसद की सलाह लेकर बजट बनाया। आम जनता की समस्या को जाना। 
* रेलवे को 10 साल में चाहिए 14 करोड़।
* बजट अगले 5 साल की तस्वीर है। 
* रेलमं‍त्री बोले, गाड़ियां बढ़ाने में दिक्कत, रेल की पटरियां कम पड़ रही है। 
* सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने का फैसला।
* रेल मंत्री बोले, आधुनिकीकरण का रास्ता चुना। 
* रेलवे रिसर्च और डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाने का प्रस्ताव। 
* पीएम रेल विकास योजना पर काम जारी।
* सीमावर्ती राज्यों में रेल सुविधा को बेहतर बनाएंगे। 
* आधुनिकीकरण में 5.60 लाख करोड़ खर्च करेंगे। बुनियादी ढांचे के लिए 2.50 लाख करोड़ का खर्चा। 
* सैम पित्रोदा समिति की सिफारिश। निजी क्षेत्र से भी निवेश की उम्मीद।
* रेल अनुसंधान समिति का प्रस्ताव। 
* रेलवे सेफ्टी अथॉरिटी के गठन का प्रस्ताव। यह समिति विश्व स्तरीय मानकों पर काम करेगी। 
* लेवल क्रॉसिंग खत्म करने के लिए निगम। 5 साल में खत्म होगी लेवर क्रॉसिंग। 
* रेल हादसे कम करने की कोशिशे जारी। 
* जान है तो जहान है। सुरक्षा की अनदेखी नहीं होगी। 
* लालूजी का आशीर्वाद मिला, ममताजी के विजन 20-20 पर रेल बजट।
* रेल मंत्री ने प्रधानमंत्री और ममता बेनर्जी को सहयोग के लिए दिए धन्यवाद।
* रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी में रेल बजट पेश किया। 

Saturday, March 10, 2012

15 मार्च से होंगी बोर्ड की परीक्षाएं

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 15 मार्च से शुरु होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्र शुक्रवार को नागौर पहुंच गए। जिला शिक्षा अधिकारी सुमित्रा पारीक के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम ने प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखवाए। इस मौके पर पारीक ने बताया कि प्रश्नपत्रों का वितरण दो चरणों में किया जाएगा। इससे पहले 11 मार्च को पेपर कोआर्डिनेटरों की बैठक होगी। 
उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण सुरक्षा के साथ सावधानी से संपन्न करवाया जाएगा। किसी भी स्तर पर कार्मिकों की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारीक ने बताया कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है।

Wednesday, February 29, 2012

मनरूपराम भींचर अध्यक्ष




जायल तहसील स्तरीय समस्त निजि शिक्षण संस्थाओं की और तहसील स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया । जिसमें सर्व सहमति से मनरूपराम भींचर निदेशक राजस्थान सीनियर सैकण्डरी स्कूल,जायल को सर्व सहमति से अध्यक्ष बनाया गया । जिसमें जायल तहसील के एक सौ से ज्यादा विद्यालय संचालको ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर इन्द्रचंद बिजारणियां,सचिव जीतेन्द्र लोमरोड़,कोषाध्यक्ष श्रवण बांगड़ा,संगठन मंत्री कृपाराम ठोलिया,सहसचिव श्रवण रतावा,सांस्कृतिक सचिव रामकिशोर बुगासरा,संयोजक उमरदीन,रामनारायण,शैतानराम को सर्व सहमति से बनाया गया । अध्यक्ष मनरूपराम भींचर ने समस्य निजि शिक्षण संस्थाओं की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए सरकारी जटिल नियमों के विरूद्ध सबको साथ में सघर्ष करने एवं निजी शिक्षण संस्थाओ के संचालन में आ रही समस्याओं एवं सरकार द्वारा बनाये गए आर.टी.ई. नियमो की कठोर आलोचना की । एवं भविष्य में इन नियमों में सरकार द्वारा सिथलता नही देने पर संघर्ष करने का आहान किया । बैठक में सभी निजि शिक्षण संस्थाओं के संचालको ने बढ चढ भाग लिया एवं भविष्य सभी संस्थाऐं एक साथ एकजुट रहकर कार्य करने का आहान किया । बैठक का आयोजन कल्पना चावला शिक्षण संस्थान,जायल में किया गया । कार्यकारिणी का गठन ऑबजर्वर मदन मिर्धा की देख रेख में किया गया ।

Friday, February 24, 2012

गोठ मांगलोद के दधिमती माता के मंदिर में चोरी

रोल थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध गोठ मांगलोद के दधिमती माता के मंदिर में बुधवार रात चोरों ने मंदिर में धावा बोलकर वहां प्रतिमा पर चढ़े आभूषण व कीमती सामान चुरा लिए। घटना की जानकारी तड़के चौकीदार के पहुंचने पर मिली।
थानाधिकारी विक्रमसिंह के अनुसार दधिमती माता मंदिर से बुधवार रात को अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भक्तों द्वारा चढ़ाएं कीमती आभूषणों से हाथ साफ कर लिया। पुलिस के अनुसार चोर चांदी का बना दधिमती माता का चेहरा, चार किलो चांदी के मुकुट व छतर और तीन तोला सोने का तिलक ले गए। 
मंदिर में चोरी की जानकारी मंदिर के चौकीदार को बुधवार रात तीन बजे हुई। चौकीदार ने बताया कि करीब तीन बजे वह मंदिर में आए लोगों व पूजा अर्चना के लिए पानी गरम करने मंदिर के दूसरे छोर पर गया था। वापस आते वक्त उसने देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला था। उसने पुजारी को सूचना दी। पुजारी ने जाकर देखा तो मंदिर से कई कीमती आभूषण गायब थे। गुरुवार सुबह पुलिस ने मौका मुआयना किया। इस मंदिर में पहले भी तीन बार चोरी हो चुकी है।
थानाधिकारी विक्रमसिंह ने अंदेशा जताया कि चोरों को मंदिर की प्रत्येक गतिविधि की जानकारी थी। मंदिर में देर रात तक भक्तों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में चोरों को इस बात की जानकारी थी कि पुजारी कब तक मंदिर में रहते है और चौकीदार कब, कहां रहता है। मंदिर की दीवारों के आस पास कुछ पैरों के चिह्न मिले हैं। गुरुवार को दिन में जिला कलेक्टर एसएस बिस्सा, एसपी हरिप्रसाद शर्मा व ज़ायल डिप्टी राकेश पुरी भी मौके पर पहुंचें। 

Sunday, February 19, 2012

दिनेश जांगिड़ सम्मानित


जायल में आई.ए.एस. दिनेश जांगिड़ का नागरिक अभिन्नद करते एनएसयुआई कार्यकर्ता

ग्राम फरड़ोद निवासी दिनेश जांगिड़ का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन होने पर शनिवार को छात्र संगठन एनएसयुआई की ओर से नागरिक अभिनन्दन किया गया। एनएसयुआई ब्लॉक अध्यक्ष पवन बटेसर, फरड़ोद सरपंच प्रतिनिधि रमेश फरड़ोदा सहित कार्यकर्ताओं ने जांगिड़ का माल्यार्पण, साफा व अभिनन्दन पत्र प्रदान कर स्वागत सत्कार किया। इस दौरान आई.ए.एस. जांगिड़ ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि नौकरी में रिश्वत व राजनैतिक सिफारिश की बात बेमानी है। विषय में दक्षता, लग्र, मेहनत व समर्पण का भाव रखकर नियमित स्वाध्याय कर आसानी से सफलमा हासिल की जा सकती है। उन्होंने अपने अनुभव सुनातेे हुए कहा कि बगैर किसी कोचिंग संस्थान, नियमित स्वाध्याय करते हुए साधारण परिवार के बावजूद, पटवारी, शिक्षक, व्याख्याता, आरएएस से आईएसएस तक का सफर तय कर लिया है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिए आगामी दिनों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास व युवाओं का मार्गदर्शन करने के लिएवह सदैव तत्पर रहकर कार्य करते रहेंगे।

किसान सम्मेलन आयोजित



 जायल के पुराना बस स्टेण्ड पर किसान सम्मेलन में उपस्थित किसान

अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले शनिवार को पुराना बस स्टेण्ड पर किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए सभा के प्रदेशाध्यक्ष व विधायक कॉमरेड अमराराम ने कहा कि आजादी के ६५ वर्ष बाद भी ग्रामीण पीने के पानी को तरसरहे है। किसान व मजदूर की हालात बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस को सांपनाथ व नागनाथ की उपमा देते हुए कहा कि किसान हितों पर वोट लेकर चुनाव जीतते ही किसानों को भुला देने वाली दोनों पार्टीयां बार-बारी से शासन कर रही है। उन्होंने बढ़ती हुई महंगाई, पेयजल संकट, विद्युत दरों में बढ़ोतरी, किसान की उपज का उचित दाम नहीं मिलने व नागौरी नस्ल के बछड़ो की बिक्री पर रोक लगी हटाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर २२ फरवरी को मौलासर में आयोजित विशाल जनसभा में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भागीरथ नेतड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री सीबीआई का दुरूपयोग कर किसान नेताओं की राजनैतिक हत्या करने में जुटे हुए है। भंवरी प्रकरण में १२५ सीडी मिलने के बावजूद महज एक सीडी को जांच का आधार बनाकर किसान नेताओं को प्रताडि़त करने में जुटी हुई है। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सरपंच रामकरण चौधरी ने किसानों से अपनी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन कॉमरेड जगदीश पोटलिया ने किया।

Saturday, February 11, 2012

Wednesday, February 8, 2012

भारत ने श्रीलंका को 4 विकेट से रौंदा

 विराट कोहली (77) की जुझारू अर्धशतकीय पारी और रविचंद्रन अश्विन (3 विकेट और नाबाद 30 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन से भारत ने श्रीलंका को त्रिकोणीय एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट शृंखला में आज यहां चार विकेट से हराकर शृंखला में अपनी पहली जीत दर्ज की।
भारत ने एक वक्त अपने छह विकेट 181 रन तक गंवा दिए थे, लेकिन अश्विन (नाबाद 30) और रवीन्द्र जडेजा (नाबाद 24) ने फिर सातवें विकेट के लिए 53 रन की अविजित साझेदारी कर भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। भारत ने 46.4 ओवर में छह विकेट पर 234 रन बनाए।

भारत को हालांकि जीत के लिए 234 रन का मामूली लक्ष्य मिला था, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से भारतीय बल्लेबाजों ने इस लक्ष्य को मुश्किल बना दिया था। लेकिन विराट ने 94 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाकर भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त कर दिया।

विराट ने एक छोर पर खूंटा गाड़ते हुए सचिन तेंदुलकर (48) के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 रन, रोहित शर्मा (10) के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन और सुरेश रैना (24) के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन की अहम साझेदारियां की। जडेजा ने 28 गेंदों में एक चौके की मदद से नाबाद 24 और अश्विन ने 38 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 30 रन बनाए।

भारत ने इस मैच में सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को आराम दिया था और वह तीन तेज गेंदबाजों और दो स्पिनरों के साथ उतरा था। भारत की त्रिकोणीय शृंखला में यह पहली जीत है। उसे पिछले मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के हाथों 65 से हार का सामना करना पड़ा था।

जीत के लिए 234 रन के सामान्य लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पिछले मैच में आराम लेने वाले वीरेन्द्र सेहवाग आठ गेंदों में दो चौकों की मदद से आठ रन बनाकर चलते बने। उन्हें लसित मलिंगा की गेंद पर नुवान कुलशेखरा ने आउट किया।

लेकिन सचिन और विराट ने टीम को शुरुआती झटके से उबार लिया। इस जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 75 रन जोड़े। सचिन आज अच्छे टच में नजर आ रहे थे, लेकिन वह अपने अर्धशतक से मात्र दो रन पीछे रह गए। वह 63 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 48 रन बनाने के बाद एंजेलो मैथ्यूज की गेंद को विकेटों पर खेल बैठे।

रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और मात्र दस रन बनाकर थिषारा परेरा की गेंद पर तिलकरत्ने दिलशान के हाथों लपके गए। विराट ने फिर रैना के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन की अहम साझेदारी की। इस दौरान विराट ने 66 गेंदों में सात चौकों की मदद से अपना 19वां अर्धशतक पूरा किया।

रैना ने 27 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 24 रन बनाए। वह मैथ्यूज की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी के हाथों लपके गए। कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया। वह मात्र चार रन ही बना सके और धम्मिका प्रसाद की गेंद पर मलिंगा के हाथों लपके गए।

एक छोर पर खूंटा गाड़कर खेल रहे विराट का धैर्य भी आखिर जवाब दे गया और वह तेजी से रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए। इस तरह भारत ने अपने छह शीर्ष बल्लेबाज 181 रन तक गंवा दिए थे और उसकी जीत की राह मुश्किल हो चली थी। भारत को जीत के लिए अब भी 53 रन की जरूरत थी जबकि उसके चार पुछल्ले विकेट शेष थे।

लेकिन जडेजा और मैन आफ द मैच अश्विन ने धैर्य के साथ खेलते हुए भारत को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने बिना किसी हड़बड़ी के श्रीलंकाई गेंदबाजों को आराम से खेला और भारत को जीत दिलाकर नाबाद वापस लौटे।

भारत को जब जीत के लिए मात्र एक रन चाहिए था तब अश्विन का शॉट श्रीलंका के तीन क्षेत्ररक्षकों के बीच में गिरा, लेकिन किसी ने भी उसे पकड़ने की जहमत नहीं उठायी। श्रीलंका की ओर से मैथ्यूज ने 31 रन पर दो विकेट लिए जबकि मलिंगा, धम्मिका और परेरा को एक-एक विकेट मिला।