Sunday, September 18, 2011

बढ़ता पर्यावरण प्रदूषण चिंता का विषय : शर्मा





राजस्थान पत्रिका मानव मित्र संस्थान की ओर से चलाए जा रहे हरयाळो राजस्थान कार्यक्रम के तहत बुधवार को मरूधर आई.टी.आई. में वन महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव को संबोधित करते हुए तहसीलदार द्वारकाप्रसाद शर्मा ने कहा कि विश्व में बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण पर हर कोई चिंता जता रहा है लेकिन महज चिंता करने से समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता है। उन्होंने वृक्षों के महत्व संबधी जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जीवन में पांच पौधे लगाकर इनका ंसंरक्षण कर प्रकृति का ऋण चुका सकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ ही युवा वर्ग पेड़ो की अवैध रोकथाम रोकने, पौधों की निराई, गुड़ाई व सारसंभाल रखकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान कर सकते है। क्षेत्रीय वन अधिकारी जवानाराम मेहला ने कहा कि जनसंख्या के अनुपात में पेड़ो की संख्या में निरन्तर गिरावट चिंतनीय है। प्राण वायू, ईधन सहित जितना हम पेड़ो से ग्रहण करते है उतना हमें पौधे लगाकर प्रकृति का ऋण चुकाना होगा। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्मावलम्बी को अंतिम संस्कार के दौरान ईंधन की जरूरत महसूस होती है हमें कम से कम पांच पौधे लगाकर अपने ऋण को चुकाना होगा। उन्होंने पौधरोपण, संरक्षण व निराई गुड़ाई संबधी जानकारी देकर प्रत्येक विद्यार्थी से शिक्षण संस्थान के साथ अपने घर पर प्रतिपवर्ष एक पौधा लगाने का संकल्प लिया। थानाधिकारी भगवानसिंह ने कहा कि जल व वृक्षों के अभाव में हम जीवन की कल्पना तक नहीं कर सकते। कम से कम हमें अपना जीवन जीने के लिए पौधे लगाकर इनकी सारसंभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ ही वृक्षों की सुरक्षा करके हम पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान कर सकते है। नेहरू युवा मण्डल के अध्यक्ष ललित खण्डेलवाल, युवा कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र महासचिव राजेन्द्र डिडेल, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष पवन बटेसर, संस्था निदेशक रामचन्द्र पोटलिया, प्राचार्य राजेन्द्र कुमार ने विचार व्यक्त किए। राजस्थान पत्रिका के संवाददाता भंवरसिंह जेतमाल ने हरयाळो राजस्थान के कार्यक्रम संबधी जानकारी दी। इस दौरान अतिथियों सहित प्रशिक्षणार्थियो ने पौधरोपण कर इनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। अभियान के तहत नीम के ४० पौधे लगाए गए।

No comments:

Post a Comment